Fatehpur News : फतेहपुर में दर्दनाक हादसा, स्कूली बस ने साइकिल सवार कक्षा 8 के छात्र को कुचला

Fatehpur News : फतेहपुर में तेज रफ्तार स्कूली बस ने साइकिल से स्कूल जा रहे कक्षा 8 के छात्र को टक्कर मार दी, 100 मीटर घसीटने से हुई मौत।

Ramchandra Saini
Published on: 17 Jan 2026 2:13 PM IST
Fatehpur News : फतेहपुर में दर्दनाक हादसा, स्कूली बस ने साइकिल सवार कक्षा 8 के छात्र को कुचला
X

Fatehpur Accident

Fatehpur News : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से स्कूल जा रहे कक्षा 8 के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कूली बस चालक ने छात्र को टक्कर मार दी, जिससे वह बस के नीचे फंस गया। बस चालक छात्र को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और छात्र के जीवित होने की आशंका में उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के करगदे मऊ गांव का है। गांव निवासी शिव कुमार का 17 वर्षीय पुत्र विनय कुमार शनिवार सुबह साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। विनय कक्षा 8 का छात्र था और प्रसाद सिंह शिक्षा संस्थान इंटर कॉलेज, तारापुर में पढ़ता था।जब विनय बीसापुर नहर पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूली बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विनय उछलकर सड़क पर गिर गया और बस के नीचे फंस गया। बस चालक ने वाहन नहीं रोका और छात्र को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक के पिता शिव कुमार ने बताया कि यदि बस चालक समय रहते वाहन रोक देता, तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी।थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story