Fatehpur: दहेज हत्या में सास और दो देवरों को उम्रकैद, पत्नी को बचाने में झुलसे पति की भी हुई थी मौत

Fatehpur News: फतेहपुर में दहेज हत्या के मामले में अदालत ने सास और दो देवरों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। तीनों दोषियों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Ramchandra Saini
Published on: 24 Nov 2026 7:18 PM IST
Fatehpur: दहेज हत्या में सास और दो देवरों को उम्रकैद, पत्नी को बचाने में झुलसे पति की भी हुई थी मौत
X

Fatehpur News

Fatehpur News: दहेज हत्या के एक मामले में अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय संख्या-3 ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पीठासीन अधिकारी सुभाष चंद्र मौर्य (एचजेएस) की अदालत ने दो देवरों छोटू उर्फ सुशील, राजू उर्फ पंकज और सास रामादेवी को दोषी करार दिया। तीनों पर 20-20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। इसके अलावा धारा 498ए के तहत तीनों को तीन-तीन वर्ष के कारावास और एक-एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, किशनपुर थाना क्षेत्र के नैनी निवासी राम बाबू विश्वकर्मा ने अपनी बहन रेखा देवी की शादी थरियांव थाना क्षेत्र के मुसेरापुर निवासी सुनील कुमार के साथ की थी। आरोप था कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर शादी के करीब छह साल बाद रेखा के देवर छोटू उर्फ सुशील, राजू उर्फ पंकज और सास रामादेवी ने कथित तौर पर उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।

पत्नी को बचाने में झुलसे पति की भी हुई मौत

घटना के दौरान आग बुझाने की कोशिश में रेखा का पति सुनील कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गया था। इलाज के दौरान 6 फरवरी 2019 को सुनील की मौत हो गई, जबकि रेखा ने 13 फरवरी 2019 को कानपुर के हैलट अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में न्यायालय के आदेश पर धारा 156(3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत 23 नवंबर 2019 को थरियांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मृत्यु पूर्व बयान बना दोषसिद्धि का आधार

मुकदमे की सुनवाई के दौरान मृतका के भाई राम बाबू और जीजा दिनेश चंद्र अपने पूर्व के बयानों से मुकर गए थे। हालांकि, रेखा का मृत्यु पूर्व बयान अदालत में अहम साक्ष्य साबित हुआ। इसमें उसने अपने देवरों और सास द्वारा मारपीट किए जाने तथा देवर छोटू उर्फ सुशील द्वारा मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की बात कही थी। इसी बयान सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया।अभियोजन की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) रघुराज सिंह ने पैरवी की। मामले में कुल 10 गवाहों का परीक्षण कराया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story