Fatehpur News: फतेहपुर में दशहरे की झांकी में उमड़ी भीड़, जगह-जगह हुआ रावण वध

Fatehpur News: फतेहपुर में दशहरे पर ज्वालागंज से निकली पारंपरिक झांकी, पांच झांकियों के दर्शन को देर रात तक उमड़ी भीड़, जगह-जगह हुआ रावण वध।

Ramchandra Saini
Published on: 21 Oct 2026 10:22 AM IST
Fatehpur News: फतेहपुर में दशहरे की झांकी में उमड़ी भीड़, जगह-जगह हुआ रावण वध
X

Fatehpur News: ​उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दशहरा पर्व के अवसर पर परंपरागत रूप से निकाली जाने वाली भव्य झांकी मंगलवार की रात को धूमधाम से निकाली गई।हालांकि, इस बार रामलीला कमेटी की उदासीनता के कारण केवल 5 झांकियां ही निकाली जा सकीं, जिससे स्थानीय लोगों में थोड़ी निराशा भी देखी गई। बावजूद इसके, झांकियों के दर्शन और भव्यता को देखने के लिए शहर में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।

​देर रात 10:30 बजे ज्वालागंज से हुआ शुभारंभ

​परंपरा के अनुसार मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे रामलीला मैदान ज्वालागंज से झांकी का शुभारंभ हुआ। इस बार निकाली गई झांकियों में मुख्य रूप से प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश,विष्णु भगवान,महर्षि विश्वामित्र, भगवान श्री राम-लक्ष्मण, भरत-शत्रुघ्न और पवनपुत्र हनुमान जी की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भगवान के विभिन्न रूपों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए और पूरा माहौल 'जय श्री राम' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

​पारंपरिक मार्गों से होते हुए भोर 3 बजे संपन्न हुई झांकी

​ज्वालागंज स्थित रामलीला मैदान से शुरू होकर झांकी बाकरगंज, चौगलिया, व्यस्ततम चौक बाजार और सदर कोतवाली रोड से होती हुई भोर में करीब 3 बजे वापस अपने प्रस्थान स्थल रामलीला मैदान पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग पर स्थानीय निवासियों और दूर-दराज़ से आए लोगों ने झांकियों का स्वागत किया और भगवान के स्वरूपों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

​सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम

झांकी के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नज़र आया। झांकी के पूरे रूट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सदर कोतवाली पुलिस और उच्च अधिकारियों ने खुद भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की, जिससे यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story