Fatehpur News: शाखा गांव में बिजली संकट, खराब ट्रांसफार्मर से परेशान ग्रामीणों ने DM से लगाई गुहार

Fatehpur News: फतेहपुर के शाखा गांव में खराब 100 केवीए ट्रांसफार्मर से बिजली संकट, ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर तत्काल समाधान की मांग की।

Ramchandra Saini
Published on: 20 Aug 2026 3:12 PM IST
Fatehpur News: शाखा गांव में बिजली संकट, खराब ट्रांसफार्मर से परेशान ग्रामीणों ने DM से लगाई गुहार
X

Fatehpur News: फतेहपुर गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाखा के ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है। इसके चलते लोगों को बार-बार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय के सामने लगा ट्रांसफार्मर पिछले काफी समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। ट्रांसफार्मर की केबल भी कई बार जल चुकी है। शिकायत के बाद मरम्मत तो की जाती है, लेकिन एक-दो घंटे बाद ही केबल दोबारा जल जाती है। इसके बाद कई दिनों तक समस्या का समाधान नहीं हो पाता। ग्रामीणों के मुताबिक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों में अंधेरा छाया रहता है और सबसे अधिक परेशानी बच्चों की पढ़ाई को लेकर हो रही है।

प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने विभागीय लाइनमैन पर भी मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित लाइनमैन गांव में नियमित रूप से नहीं आता और अक्सर अपने स्थान पर बाहरी या निजी लोगों से काम करवाता है। आरोप है कि बिजली लाइन ठीक करने अथवा जोड़ने के नाम पर उपभोक्ताओं से अनुचित पैसे की मांग की जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार समस्या के समाधान के लिए विभागीय अवर अभियंता (जेई) द्वारा करीब 30 दिन पहले नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलवाने, बिजली आपूर्ति सुचारु कराने और संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली संकट का जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story