Fatehpur News: फतेहपुर में हत्या का खुलासा, मोबाइल रिचार्ज के बाद खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

Fatehpur News: बकेवर पुलिस ने घटनास्थल पर छूटे मोबाइल के जरिए हत्याकांड का किया पर्दाफाश, आरोपी रविशंकर सविता गिरफ्तार और खून लगी ईंट बरामद।

Ramchandra Saini
Published on: 28 Nov 2026 9:06 PM IST
Fatehpur News: फतेहपुर में हत्या का खुलासा, मोबाइल रिचार्ज के बाद खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
X

Fatehpur News: थाना बकेवर पुलिस ने धान की फसल कटवाने को लेकर हुए विवाद में ईंट से हमला कर की गई हत्या की घटना का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्त रंजित ईंट तथा मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल के हिस्से भी बरामद किए हैं।

​पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दिलावलपुर निवासी महेश कुमार ने सूचना दी थी कि उनके भाई रामजीवन (उम्र करीब 40 वर्ष) का शव गांव स्थित बाग में नहर पटरी के पास पड़ा मिला है। शुरुआती जांच में नहर पटरी की ढलान पर साइकिल मिलने के कारण इसे ऊंचाई से गिरकर हुई मौत मानकर पोस्टमार्टम कराया गया था। घटनास्थल से मिले काले रंग के लावा कीपैड मोबाइल को वादी के मामा ने भूलवश मृतक का समझकर अपने पास रख लिया था। बाद में मोबाइल चालू होने और उस पर आए कॉल से पता चला कि वह फोन मृतक का नहीं, बल्कि पधारा निवासी रविशंकर सविता का है। इसी आधार पर 27 नवंबर 2026 को वादी की तहरीर पर थाना बकेवर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

​पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में बकेवर पुलिस टीम ने 27 नवंबर को पधारा चौराहा नहर पुलिया के पास से अभियुक्त रविशंकर उर्फ रवि पुत्र छेदालाल सविता (उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी ग्राम पधारा) को गिरफ्तार कर लिया।

​पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह खेत में धान की फसल बांधने गया था, जहां शराब के नशे में मौजूद रामजीवन ने गाली-गलौज करते हुए अपना धान कटवाने का दबाव बनाया और मना करने पर डंडा दिखाया। मारपीट के दौरान आक्रोश में आकर अभियुक्त ने पास पड़ी ईंट से रामजीवन के सिर पर दो-तीन बार प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को हादसा दिखाने के लिए उसने झाड़ियों को अस्त-व्यस्त किया और साइकिल नहर पटरी की ढलान पर रख दी।

जल्दबाजी में अपना मोबाइल वहीं छूट जाने और एक जैसा फोन होने के कारण वह मृतक का फोन उठा ले गया, जिसे बाद में तोड़कर नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।​अभियुक्त की निशानदेही पर डामर रोड किनारे झाड़ियों से खून लगी ईंट और नहर किनारे से मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल के पार्ट्स बरामद हुए हैं। शनिवार, 28 नवंबर 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story