TRENDING TAGS :
Fatehpur News: गांव में निकला 10 फीट लंबा अजगर, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
Fatehpur News: फतेहपुर के अलौदीपुर गांव में घर के पास दिखा 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर, वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित पकड़ा; वीडियो हुआ वायरल।
Fatehpur python Rescue
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जंगली जानवरों के ग्रामीण इलाकों में आने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।ताजा मामला जिले के हथगाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छिवलहा पुलिस चौकी क्षेत्र के अलौदीपुर गांव का बताया जा रहा है।यहां एक ग्रामीण के घर के पास अचानक 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर आ धमका,जिसे देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।अजगर का रेस्क्यू कर पकड़ते हुए गांव के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो के अनुसार,अलौदीपुर गांव के रहने वाले लल्ला खरादी के घर के ठीक पास भारी-भरकम अजगर को बीती रात देखा गया।घर के बाहर इतने बड़े जीव को देखकर परिजनों और आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई।कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।ठंड और नमी के मौसम में अक्सर इस तरह के खतरनाक जीव सुरक्षित ठिकानों की तलाश में बाहर निकल आते हैं।अजगर के आकार को देखकर लोग सहम गए और किसी भी अनहोनी की आशंका से ग्रामीण दहशत के साये में आ गए।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और रेस्क्यू दल फौरन मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सुरक्षित तरीके से विशालकाय अजगर को अपने कब्जे में ले लिया,जिससे ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली।
अजगर के रेस्क्यू किए जाने के दौरान वहां मौजूद कुछ उत्साही ग्रामीणों ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया।हालांकि न्यूज़ ट्रैक इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है,वही देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर बीती बुधवार की रात करीब 12 बजे से तेजी से वायरल हो गया।वीडियो में अजगर का आकार देखकर सोशल मीडिया पर भी लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।


