TRENDING TAGS :
Fatehpur News: अब WhatsApp पर मिलेगी FIR की कॉपी, थाने के चक्कर खत्म
Fatehpur News: फतेहपुर पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। मुकदमा दर्ज होते ही वादी को WhatsApp पर FIR की प्रति भेजी जाएगी, सुविधा न होने पर घर पहुंचाई जाएगी।
अब WhatsApp पर मिलेगी FIR की कॉपी, थाने के चक्कर खत्म (Photo- Newstrack)
Fatehpur News: फतेहपुर पुलिस ने आमजन की सुविधा और पुलिस सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। अब मुकदमा दर्ज होने के बाद वादी को एफआईआर की प्रति लेने के लिए थाने या पुलिस कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस विभाग ने एफआईआर दर्ज होने के साथ ही उसकी प्रति वादी को व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू कर दी है।
एफआईआर की प्रति लेने में होती थी परेशानी
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के संज्ञान में आया कि कई मामलों में थाने पर एफआईआर दर्ज होने के बाद वादियों को उसकी प्रति प्राप्त करने में परेशानी होती है। इसके चलते उन्हें अनावश्यक रूप से थाना या पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाना पड़ता था। आमजन की सुविधा, समय की बचत और पुलिस सेवाओं को तकनीक आधारित और सुगम बनाने के उद्देश्य से अब जनपद के सभी थानों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के तहत एफआईआर पंजीकृत होने के साथ ही वादी को उसकी प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। इससे वादी को मुकदमा दर्ज होने के बाद एफआईआर की प्रति के लिए अलग से पुलिस कार्यालय या थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
व्हाट्सऐप से भेजी जाएगी एफआईआर की प्रति
नई व्यवस्था के तहत एफआईआर की प्रति वादी को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे वादी अपने मोबाइल फोन पर ही एफआईआर की प्रति प्राप्त कर सकेगा। पुलिस का मानना है कि इससे लोगों का समय और श्रम दोनों बचेंगे और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
वहीं, अगर कोई वादी व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं करता है तो उसके लिए भी व्यवस्था की गई है। ऐसे वादियों को संबंधित हल्का बीट आरक्षी के माध्यम से एफआईआर की प्रति उनके घर पर पहुंचाई जाएगी। इससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले और तकनीकी सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
प्रति देते समय वादी की फोटो भी होगी सुरक्षित
पुलिस के अनुसार एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराते समय वादी के साथ फोटो भी संबंधित थाना अभिलेख में सुरक्षित रखा जाएगा। इसका उद्देश्य भविष्य में एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का सत्यापन करना है। इससे यह भी सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वादी को एफआईआर की प्रति समय से उपलब्ध कराई गई थी या नहीं।
महिला वादियों की निजता का रखा जाएगा विशेष ध्यान
नई व्यवस्था में महिला वादियों की गरिमा और निजता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में महिला पुलिसकर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी शालीनता और संवेदनशीलता के साथ महिला वादियों को एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराएंगी।
लापरवाही पर तय होगी संबंधित अधिकारी की जवाबदेही
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों के अनुपालन में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में किसी वादी को एफआईआर पंजीकृत होने की जानकारी मिलने के बावजूद उसकी प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाती है और वह इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत करता है तो संबंधित प्रभारी निरीक्षक या थानाध्यक्ष की जवाबदेही तय की जाएगी।
ऐसे मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग ने सभी थानों को एफआईआर की प्रति समय से उपलब्ध कराने की व्यवस्था का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं।
एफआईआर की सूचना देना भी पुलिस की जवाबदेही
फतेहपुर पुलिस ने कहा कि अभियोग पंजीकृत करना पुलिस की जिम्मेदारी है तो उसकी सूचना और एफआईआर की प्रति समय से वादी तक पहुंचाना भी पुलिस की जवाबदेही है। तकनीक के इस्तेमाल के जरिए वादियों का समय और श्रम बचाना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस विभाग ने इस नई व्यवस्था को जनसेवा, पारदर्शिता और आमजन के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। व्यवस्था लागू होने के बाद एफआईआर की प्रति के लिए वादियों को अनावश्यक रूप से थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।


