TRENDING TAGS :
Fatehpur News: फतेहपुर में मजदूर की संदिग्ध मौत, पत्नी ने बकाया मजदूरी विवाद में लगाया हत्या का आरोप
Fatehpur News: फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने छह माह की बकाया मजदूरी को लेकर विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
Fatehpur News
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के पानी मोहल्ले में एक 45 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए मजदूरी का बकाया भुगतान न करने और सुनियोजित तरीके से करंट लगाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी ब्रजकिशोर (45) पुत्र शशिपाल सदर क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते थे। शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर रो-रोकर बेहाल हो गए।मृतक की पत्नी चित्ररेखा का आरोप है कि उनके पति की करीब छह माह की मजदूरी का भुगतान बकाया था। वह लगातार अपने मेहनताने की मांग कर रहे थे। चित्ररेखा का कहना है कि इसी विवाद के चलते उनके पति को सुनियोजित तरीके से करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतक अपने पीछे वृद्ध मां शीलावती, पत्नी चित्ररेखा तथा चार बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में दो बेटियां लक्ष्मी और रश्मी तथा दो बेटे आलोक कुमार और आशीष कुमार हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से सभी सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


