Fatehpur: प्रेमिका के घर युवक की संदिग्ध मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप; छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

Fatehpur News: फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र में प्रेमिका के घर आए युवक की संदिग्ध मौत के मामले में भाई ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रेमिका समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ramchandra Saini
Published on: 5 Aug 2026 8:05 PM IST
Fatehpur: प्रेमिका के घर युवक की संदिग्ध मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप; छह लोगों पर मुकदमा दर्ज
X

Fatehpur News

Fatehpur News: बकेवर थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने आए अंबेडकर नगर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के भाई ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रेमिका समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर टड़वा गांव निवासी अमजद खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 22 वर्षीय छोटा भाई अकमल गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। अकमल की बकेवर थाना क्षेत्र के शुकुराबाद निवासी एक युवती से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।अमजद के मुताबिक, युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और उसके भाई को पहले भी परेशान करते थे। आरोप है कि चार अगस्त को युवती के परिजनों ने फोन कर अकमल को अपने घर बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे अकमल ने फोन कर अपने भाई को पूरी घटना की जानकारी दी।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद युवती के घरवालों ने भी फोन कर शाम पांच बजे तक घर पहुंचने की बात कही और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अमजद का आरोप है कि शाम करीब पांच बजे पुलिस से सूचना मिली कि अकमल का शव फंदे पर लटका हुआ मिला है।मृतक के भाई ने प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story