TRENDING TAGS :
Fatehpur News: ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में चिकन डिलीवरी पर हंगामा, हिंदू संगठनों में आक्रोश
Fatehpur News: फतेहपुर में ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में चिकन मिलने पर हिंदू संगठनों ने जताई नाराजगी। पुलिस मौके पर पहुंची, अधिकारियों को दी गई जानकारी।
‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में चिकन डिलीवरी पर हंगामा, हिंदू संगठनों में आक्रोश (Photo- Newstrack)
Fatehpur News: फतेहपुर जिले में शारदीय नवरात्र के दौरान रविवार शाम करीब चार बजे एक ऑनलाइन डिलीवरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखा कैरी बैग चिकन का पैकेट रखकर डिलीवर किया गया। इस मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे तक हिंदू नेता अपने समर्थकों के साथ दुकान के बाहर डटे रहे।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
घटना के बाद नवरात्र जैसे धार्मिक पर्व के दौरान आस्था और भावनाओं के सम्मान को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पवित्र पर्व के दौरान ‘हैप्पी नवरात्रि’ संदेश वाले कैरी बैग में मांस की डिलीवरी किए जाने से सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू नेता धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने इस मामले पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान जिला प्रशासन ने खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगा रखी है। ऐसे में ब्लिंकिट स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नॉनवेज की बिक्री कैसे की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्र की शुभकामनाएं लिखे कैरी बैग में मांस रखकर डिलीवरी किया जाना गंभीर मामला है।
कार्रवाई की मांग, पुलिस ने अधिकारियों को दी सूचना
धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने इस घटना को आस्था से खिलवाड़ बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हिंदू संगठनों ने प्रशासन से संबंधित ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि त्योहार के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल घटना को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी सामने आई है और उनकी ओर से कार्रवाई की मांग की गई है।


