Fatehpur News: फतेहपुर अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, हंगामा

Fatehpur News: ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा थे स्वस्थ, ब्लड चढ़ाने के दौरान बिगड़ी हालत; परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, जांच के आदेश।

Ramchandra Saini
Published on: 16 April 2026 10:44 PM IST
Woman dies after delivery at Fatehpur Hospital, commotion
X

फतेहपुर अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, हंगामा (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित हरिहरगंज मोहल्ले के एक निजी मिशन अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ। शुरुआत में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने खून की कमी बताकर महिला को ब्लड चढ़ाया। इसी दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

परिजनों ने लगाया गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप

मृतका के पति रमाकांत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल को उनकी पत्नी सविता देवी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात करीब 9:30 बजे ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ और सब कुछ सामान्य था। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ब्लड चढ़ाना शुरू किया, जिसके बाद अचानक हालत बिगड़ गई और अगले दिन दोपहर करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।

वहीं, मृतका के जेठ रविकांत सिंह ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने बाहर से ब्लड मंगवाकर चढ़ाया, जबकि परिवार ने खुद ब्लड देने की बात कही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले से मना करने के बावजूद उसी ब्लड को दोबारा चढ़ाया गया, जिससे हालत और बिगड़ गई।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

वहीं, एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story