Fatehpur में पॉक्सो केस: दो दोषियों को उम्रकैद, 2.40 लाख का जुर्माना

Fatehpur News: फतेहपुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने 2021 के मामले में दो दोषियों को आजीवन कारावास सुनाया। दोनों पर 2.40 लाख रुपये जुर्माना लगाया, राशि पीड़िता के परिजनों को दी जाएगी।

Ramchandra Saini
Published on: 12 Nov 2026 9:09 PM IST
Poxo case in Fatehpur: Umra jail for two convicts, fine of Rs 2.40 lakh
X

Fatehpur में पॉक्सो केस: दो दोषियों को उम्रकैद, 2.40 लाख का जुर्माना (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: ​यूपी के फतेहपुर जनपद में विशेष न्यायालय पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण और कड़ा फैसला सुनाया गया है। न्यायालय ने वर्षों पुराने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में दोनों अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोषियों पर भारी भरकम आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है, जिससे न्याय व्यवस्था की संवेदनशीलता और पीड़िता के प्रति संबल का संदेश मिलता है।

​घटना का विवरण

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 जून 2021 की रात की है। वादी मुकदमा द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया गया कि रात लगभग 11 बजे वादी की 12 वर्षीय पुत्री घर के बाहर नित्यक्रिया के लिए आई हुई थी। उसी दौरान गांव के ही रहने वाले दो अभियुक्त—अशरफ (पुत्र वाहिद) और पप्पू (पुत्र राजू)—वहां पहुंचे। दोनों ने मिलकर नाबालिग लड़की का मुंह दबा लिया और उसे जबरन बगल के एक आहर (आम के बाग) में उठा ले गए। वहां ले जाकर पप्पू और अशरफ ने नाबालिग लड़की के साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया। अभियुक्तों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और डर-धमका कर उसे अगले दिन 1 बजे तक रोके रखा। जब डरी-सहमी बेटी किसी तरह घर वापस लौटी, तो उसने रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए 24 जून 2021 को इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

​अभियोजन पक्ष और गवाहों की भूमिका

​मुकदमे की सुनवाई के दौरान न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से कड़े कदम उठाए गए और मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो श्री देवेश कुमार श्रीवास्तव तथा बचानी लाल एडवोकेट द्वारा की गई। इस संपूर्ण वाद में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 8 गवाह पेश किए गए, जिनके बयानों और साक्ष्यों ने दोषियों के खिलाफ अपराध को साबित करने में अहम भूमिका निभाई। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश महेन्द्र कुमार द्वितीय की अदालत में हुई।

​अदालत का फैसला और सजा

​दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का बारीकी से अवलोकन करने के बाद, विशेष न्यायाधीश महेन्द्र कुमार द्वितीय ने अभियुक्तगण अशरफ और पप्पू को दोषी पाया। न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की कड़ी सजा सुनाई है।

​इसके अतिरिक्त, अदालत ने दोषियों पर आर्थिक दंड भी लगाया है। दोनों अभियुक्तों को कुल 2 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है। न्यायहित में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संपूर्ण जुर्माने की राशि में से प्रत्येक अभियुक्त से 1 लाख 20 हजार रुपये यानी कुल राशि पीड़िता के परिजनों को दी जाएगी, ताकि उस धनराशि का उपयोग पीड़िता की अच्छी परवरिश और देखभाल के लिए किया जा सके। इस कड़े फैसले से क्षेत्र में न्याय की जीत का संदेश गया है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story