TRENDING TAGS :
Fatehpur News: प्रेमिका से मिलने आया युवक, दुकान में फंदे पर लटका मिला, मचा हड़कंप
Fatehpur News: अम्बेडकर नगर से फतेहपुर आए युवक का शव दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी है.
प्रेमिका से मिलने आया युवक, दुकान में फंदे पर लटका मिला, मचा हड़कंप (Photo- Newstrack)
Fatehpur News: अम्बेडकर नगर जिले से प्रेमिका से मिलने फतेहपुर आए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का शव बकेवर थाना क्षेत्र के सकूराबाद गांव में प्रेमिका के परिजनों की दुकान के अंदर पंखे की हुक से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेम प्रसंग का मामला
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद अकमल पुत्र मकसूद, निवासी पहाड़पुर, थाना सम्मनपुर, जिला अम्बेडकर नगर के रूप में हुई है। थाना प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि अकमल की सकूराबाद निवासी शफीक की बेटी से करीब एक साल से फोन पर बातचीत होती थी। बताया गया कि युवती वर्तमान में अपने मामा के घर बांदा गई हुई है। इसी बीच अकमल मंगलवार सुबह शफीक के घर पहुंच गया।
परिजनों ने युवक के भाई से करीब 11 बजे फोन पर बातचीत की और अकमल से भी बात कराई। उसे वापस घर जाने के लिए कहा गया, लेकिन वह इधर-उधर भागने लगा। युवती के परिजनों के अनुसार बाद में अकमल को पकड़कर एक दुकान के अंदर बंद कर दिया गया था। दोपहर करीब चार बजे दुकान के अंदर उसका शव पंखे की हुक से फंदे पर लटका मिला।
पुलिस ने बताया
शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


