TRENDING TAGS :
Ajendra Singh Lodhi: बदजुबानी पड़ी भारी! PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सपा सांसद के खिलाफ FIR दर्ज
Ajendra Singh Lodhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Ajendra Singh Lodhi
Ajendra Singh Lodhi: प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। घटना के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।
BJP नेताओं ने की सपा सांसद के बयान की निंदा
जानकारी के मुताबिक मामला 11 मई को हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे थे। इस दौरान सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी समर्थकों के साथ प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
भाजपा नेताओं ने सपा सांसद के बयान की कड़ी निंदा की और विरोध जताया। जिसके बाद मंगलवार को कोतवाली में एफआईआर संख्या 0213 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की ओर से दी गई। शिकायत में कहा गया कि प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। कर्मचारियों समेत आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
सांसद की टिप्पणी से खराब हुआ सार्वजनिक माहौल
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सांसद की टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुईं और सार्वजनिक माहौल खराब हुआ। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। उन्होंने सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर सौंपी। इस विवाद पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।
दोनों नेताओं ने सांसद की टिप्पणी को “अक्षम्य” बताया। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। वहीं सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि वह मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


