TRENDING TAGS :
Firozabad News: लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर गोष्ठी और भव्य शोभायात्रा आयोजित
Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर गोष्ठी और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नारायण इंटर कॉलेज में एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया, जबकि नगर में शोभायात्रा भी निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री अजीत पाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल के पुत्र डॉ. पार्थ बघेल और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र अतुल प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। गोष्ठी को संबोधित करते हुए मंत्री अजीत पाल ने समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि अन्य समाजों में बड़ी संख्या में आईएएस और आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि उनके समाज में अभी यह संख्या काफी कम है। ऐसे में युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की जरूरत है।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री अजीत पाल ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा बिजली व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई बड़ी समस्या नहीं है और विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है। वहीं लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव के उस बयान पर कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे, मंत्री ने कहा कि यह बात अब सभी जानते हैं कि योगी आदित्यनाथ तीसरी बार भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
किसानों को पर्याप्त बिजली न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को प्रतिदिन लगभग दस घंटे बिजली उपलब्ध करा रही है और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। कार्यक्रम के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन समाज सेवा, न्याय और जनकल्याण की मिसाल है।


