TRENDING TAGS :
Firozabad News: आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस रिसाव, इलाके में मची अफरा-तफरी
Firozabad News: थाना दक्षिण क्षेत्र की गंगा आइस फैक्ट्री में वाल्व बदलते समय अमोनिया गैस लीक हुई, फायर ब्रिगेड और कर्मचारियों की सतर्कता से स्थिति नियंत्रित हुई।
आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस रिसाव, इलाके में मची अफरा-तफरी (Photo- Newstrack)
Firozabad News: फिरोजाबाद शहर के थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित पत्थर वाली गली में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र के पत्थर वाली गली स्थित गंगा आइस फैक्ट्री में वाल्व बदला जा रहा था। इसी दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस निकलते ही फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों के बीच भी चिंता का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल राहत और बचाव के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
अमोनिया गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम बिना समय गंवाए आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए गैस रिसाव पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण स्थिति और अधिक गंभीर नहीं हो सकी।
समय रहते टला बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड टीम ने मौके का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा संबंधी जांच की और यह सुनिश्चित किया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाए। जांच और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद हालात नियंत्रण में आ गए।
इस घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से प्रभावित होने की कोई सूचना नहीं है। समय रहते गैस रिसाव पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। फैक्ट्री कर्मचारियों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित खतरे को टालने में सफलता मिली और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई।


