Firozabad News: बालाजी दर्शन को जा रहे दंपत्ति की बाइक को एंबुलेंस ने मारी टक्कर, चार वर्षीय बच्ची गंभीर घायल

Firozabad News: एक दंपत्ति की बाइक को पीछे से आ रही एक प्राइवेट एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपत्ति सहित उनकी चार वर्षीय बेटी घायल हो गई, जिसमें बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Brajesh Rathore
Published on: 22 July 2025 7:39 PM IST
Firozabad News: बालाजी दर्शन को जा रहे दंपत्ति की बाइक को एंबुलेंस ने मारी टक्कर, चार वर्षीय बच्ची गंभीर घायल
X

Firozabad accident

Firozabad News: बालाजी दरबार दर्शन को जा रहे एक दंपत्ति की बाइक को पीछे से आ रही एक प्राइवेट एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपत्ति सहित उनकी चार वर्षीय बेटी घायल हो गई, जिसमें बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करती हुई दूसरी तरफ जाकर पलट गई। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव चंदीकरा निवासी अंकित (35), पुत्र प्रदीप दुबे, ने सोमवार को एक अपाचे बाइक खरीदी थी। मंगलवार को वह अपनी पत्नी रिचा (30) और चार वर्षीय बेटी आरवी के साथ बाइक का पूजन कराने बालाजी दरबार आ रहे थे।

जब वे शिकोहाबाद के आरोंज क्षेत्र के पास पहुंचे, तो वहां स्थित पेट्रोल पंप के सामने बने अवैध कट से वे बाइक मोड़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही एक प्राइवेट एंबुलेंस का अचानक टायर फट गया, जिससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर दंपत्ति की बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। सौभाग्य से दूसरी दिशा से कोई वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

तीनों घायल, बच्ची की हालत गंभीर

हादसे में अंकित, उनकी पत्नी रिचा और बेटी आरवी को चोटें आई हैं। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण तीनों को तुरंत फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।

प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि हादसा एंबुलेंस का टायर फटने के कारण हुआ, जिससे वह अनियंत्रित हो गई और बाइक को टक्कर मार दी। चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया है। मामले की जांच जारी है।

अवैध कट बना हादसों का कारण

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुभाष तिराहे से रूपसपुर तक किसी भी स्थान पर अंडरपास या अधिकृत कट न होने के कारण दुपहिया वाहन चालक पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर को अवैध रूप से काटकर रास्ता बना चुके हैं। इसी कट का उपयोग करते हुए यह हादसा हुआ।नियमित तौर पर इस स्थान पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मांग की है कि इस तरह के अवैध कटों को बंद किया जाए और सुरक्षित यातायात के लिए उचित व्यवस्था की जाए।

1 / 8
Your Score0/ 8
Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story