TRENDING TAGS :
Firozabad News: दो पक्षों के विवाद में तमंचे से फायरिंग, गांव में मची भगदड़, वीडियो वायरल
Firozabad News: फिरोजाबाद के बालचंदपुर गांव में दो पक्षों के विवाद के दौरान फायरिंग का आरोप, दीवार में गोली लगने से हुआ छेद। पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी।
दो पक्षों के विवाद में तमंचे से फायरिंग, गांव में मची भगदड़, वीडियो वायरल (Photo- Newstrack)
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के थाना मटसेना क्षेत्र के गांव बालचंदपुर में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पक्ष के व्यक्ति ने तमंचे से गोली चलाकर गांव में दहशत फैला दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं व पुरुषों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना के बाद तमंचे से फायरिंग करने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फायरिंग के दौरान लोगों में मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक, बालचंदपुर गांव में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति पर तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगा है। गोली चलने के बाद मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दीवार में लगी गोली, हुआ छेद
बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान चली गोली एक दीवार में जा लगी, जिससे दीवार में छेद हो गया। इस घटना के बाद गोली चलने और तमंचे से फायरिंग किए जाने को लेकर मामला चर्चा में आ गया। वहीं, घटना से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तमंचे और फायरिंग से संबंधित दृश्य होने का दावा किया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष ने थाने में दी तहरीर
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित पक्ष के केपी सिंह ने दूसरे पक्ष के देवेंद्र सिंह सहित अन्य परिजनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर में मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की ओर से सामने आए तथ्यों के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है।


