TRENDING TAGS :
Firozabad News: बैंक ऑफ इंडिया से 96 गोल्ड पैकेट गायब, तीन अधिकारियों पर गबन का आरोप
Firozabad News: फिरोजाबाद के बैंक ऑफ इंडिया की भारौल शाखा से ग्राहकों के गिरवी रखे गए सोने के 96 पैकेट गायब मिलने से हड़कंप मच गया। मामले में शाखा प्रबंधक समेत तीन बैंक अधिकारियों पर गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: फिरोजाबाद में बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा से ग्राहकों के गिरवी रखे गए सोने के 96 पैकेट गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में खुलासा होने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले में शाखा प्रबंधक समेत तीन बैंक अधिकारियों पर गबन का आरोप लगाया गया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मामला फिरोजाबाद जनपद की बैंक ऑफ इंडिया की भारौल शाखा से जुड़ा है। दस्तावेजों के अनुसार शाखा के एक अधिकारी कई दिनों से बैंक नहीं आ रहे थे, जिसके चलते गोल्ड सेफ की जांच कराई गई। जांच के लिए बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम शाखा पहुंची और सीसीटीवी निगरानी में डुप्लीकेट चाबी से गोल्ड सेफ खोला गया।जांच के दौरान बैंकअधिकारियों के होश उड़ गए। ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए सोने के करीब 96 पैकेट गोल्ड सेफ से गायब मिले। इसके बाद जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी, जिसके आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
दस्तावेजों में आरोप लगाया गया है कि शाखा प्रबंधक, स्टाफ अधिकारी और एक अन्य अधिकारी की भूमिका संदिग्ध है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि गोल्ड सेफ की चाबियां संबंधित अधिकारियों की निगरानी में रहती थीं और प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।मामले के सामने आने के बाद उन ग्राहकों में भी चिंता बढ़ गई है जिन्होंने बैंक में अपना सोना गिरवी रखा हुआ है। बैंक प्रबंधन पूरे मामले की विस्तृत जांच करा रहा है, वहीं पुलिस भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई में जुट गई है।


