TRENDING TAGS :
Firozabad News: बेकाबू कार का कहर, चार की मौत और आठ घायल
Firozabad News: छटनपुर गांव में टेशू झांझी विसर्जन के दौरान कार ने ग्रामीणों को टक्कर मारी, हादसे में तीन किशोरियों और एक युवक की मौत, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बेकाबू कार का कहर, चार की मौत और आठ घायल (Photo- Newstrack)
Firozabad News: थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव छटनपुर में टेशू झांझी की शादी के बाद विसर्जन करने जा रहे ग्रामीणों पर रविवार की रात एक कार कहर बनकर टूट पड़ी। कार ने एक दर्जन ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया जहां डॉक्टर ने 3 किशोरी सहित एक युवक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ग्रामीणों ने कार में सवार चालक, अन्य तीन लोगों को दबोचकर बेरहमी से मारपीट कर दी। जिससे सभी कार सवार मरणासन्न हालत में पहुंच गए।
पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से सभी कार सवारों को मुक्त कराकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। जहां घायलों को प्राथमिक उपचार देकर मैडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर एएसपी जयविंद गुप्ता, एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी के साथ ही सिरसागंज, मक्खनपुर, शिकोहाबाद फोर्स मौके पर पहुंच गया। शव उठाने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझबुझाकर ग्रामीणों को शांत किया।
रविवार की रात गांव छटनपुर में पूर्णिमा पर टेशू झांझी की शादी हो रही थी। ग्रामीण हंसी खुशी से टेशू झांझी का विसर्जन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे की ओर से आती हुई एक शिफ्ट डिजायर कार ने बेकाबू होकर सड़क के किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। कार चालक हादसे को अंजाम देकर वहां से तेजी से भाग गया। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
वहीं ग्रामीणों ने अपने वाहन से कार का पीछा किया। कार चालक ने लेवर कॉलोनी के पास आकर तीन लोगों को रौंद दिया। लेकिन ग्रामीणों ने वाहन को रोड पर कड़ा कर कार का मार्ग अवरुद्ध कर दिया। उसके बाद कार चालक तेजी से फिर से कार को मोड़कर नसीरपुर क्षेत्र की ओर भाग गया। ग्रामीणों का आरोप है कि फिर से आकर कार चालक ने ग्रामीणों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार में सवार चालक सहित 4लोगों को दबोचकर उनकी बेरहमी से मारपीट कर दी। जिससे सभी मरणासन्न हालत में पहुंच गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी कार सवारों को ग्रामीणों के चंगुल से आजाद कराकर अस्पताल भेज दिया। हादसे में दीपिका 19 पुत्री ब्रजेश, आकांक्षा, अंजली पुत्री शिशुपाल सिंह,
हरीश उर्फ सोनू पुत्र गंभीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे में सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घायलों में गन्नू पुत्री शिशुपाल, सुरेशना पत्नी ऑफिसर, पूजा पत्नी पंकज, मोहिनी पुत्री पंकज, सुमन पत्नी हरेन्द्र कुमार, उसकी बेटी गोलू निवासी लेवल कॉलोनी शिकोहाबाद घायल हो गई।
वहीं कार सवार इरफान पुत्र अली खान, इरफान पुत्र सगीर, देवेश घायल हो गए। कार चालक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
मौत से परिवार में मचा कोहराम
मृतिका दीपिका के पिता मजदूरी करते हैं। उसकी एक बहन, एक भाई है। वहीं आकांक्षा, अंजली की एक
तीन बहने, एक भाई है। घटना के बाद से उसकी बहन, मां का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। ग्रामीण परिजनों की मौत पर बुरी तरह से बिलख रहे थे। अस्पताल मृतको के परिजनों की चीत्कार से गूंज उठा।
4 थाने का फोर्स पहुंचा अस्पताल में
शिकोहाबाद। हादसे की जानकारी होते ही एएसपी जयविंद गुप्ता, एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार कीर्ति चौधरी, सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी के साथ ही सिरसागंज, नसीरपुर, मक्खनपुर, शिकोहाबाद फोर्स अस्पताल पहुंच गया। अधिकारियों ने आनन फानन में एमबुलेस को बुलाकर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
शव उठते ही ग्रामीणों ने काटा हंगामा
शिकोहाबाद। जब हादसे में मृत लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों के हंगामा करते देखकर अधिकारियों ने तत्काल ग्रामीणों को आरोपियों पर सख्त कार्यवाही का भरोसा देकर उन्हें शांत किया।


