Firozabad News: फिरोजाबाद में रसोइयों को तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार रुपये

Firozabad News: प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत फिरोजाबाद में चार हजार से अधिक रसोइयों को सम्मान मिला, मानदेय के साथ बीमा और चिकित्सा सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।

Brajesh Rathore
Published on: 23 Aug 2026 4:55 PM IST
Firozabad News: फिरोजाबाद में रसोइयों को तोहफा, मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार रुपये
X

Firozabad News: फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत रसोइयों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिले के चार हजार से अधिक रसोइयों को रक्षाबंधन का उपहार दिया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और नगर विधायक मनीष असीजा मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले रसोइयों को दो हजार रुपये का मानदेय दिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही रसोइयों को दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी दिया गया है।

साड़ी के लिए अब मिलेंगे एक हजार रुपये

रसोइयों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि साड़ी के लिए पहले पांच सौ रुपये दिए जाते थे, जिसे अब बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा रसोइयों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा इलाज सुविधा का लाभ भी दिया गया है।

नगर विधायक मनीष असीजा ने रसोइयों के मानदेय में की गई बढ़ोतरी को मुख्यमंत्री की ओर से रक्षाबंधन का उपहार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने रसोइया बहनों के लिए कई योजनाओं के जरिए सुविधाएं बढ़ाई हैं।

अखिलेश यादव के बयान पर भी बोले मनीष असीजा

कार्यक्रम के दौरान नगर विधायक मनीष असीजा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार के पांच सांसद होने वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी हमें यह पता नहीं होता कि हम 25 करोड़ लोगों की नुमाइंदगी कर चुके हैं। सामान्यतया माना जाता है कि राजनीति में परिवार नहीं, बल्कि समाज हमारा परिवार है।

मनीष असीजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि योगी जी के पिताजी का स्वर्गवास हो गया था और वह समाज के लिए लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कुछ लोग इस बात से खुश हैं कि उनके घर में पांच सांसद हैं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रसोइयों को दी गई सुविधाओं और बढ़े हुए मानदेय की जानकारी दी। सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाए जाने के बाद रसोइयों को अब हर महीने तीन हजार रुपये मिलेंगे। इसके साथ दुर्घटना बीमा, साड़ी के लिए बढ़ी हुई राशि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का भी लाभ मिलेगा।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

वरिष्ठ संवाददाता, फिरोजाबादlalabkr@gmail.com
Next Story