TRENDING TAGS :
Firozabad News: फिरोजाबाद में भीषण सड़क हादसा, न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौत
Firozabad News: फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आगरा निवासी न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौत हो गई। उनकी स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रही हुंडई एक्सेंट से टकराकर पलट गई।
Firozabad News
Firozabad News: जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आगरा निवासी न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रही हुंडई एक्सेंट कार से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सोनम के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आगरा के ताजगंज फेस-1 निवासी सोनम चतुर्वेदी बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जा रही थीं। इसी दौरान मक्खनपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार आगे चल रही हुंडई एक्सेंट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सोनम को सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हुंडई एक्सेंट कार का चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एएसपी जयविंद कुमार गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही फरार कार चालक की तलाश भी की जा रही है। न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की असमय मौत से उनके परिवार में शोक की लहर है। इस दर्दनाक हादसे से न्यायिक महकमे में भी शोक का माहौल है।


