TRENDING TAGS :
Firozabad News: पूर्व मंत्री अशोक यादव का ऐलान, शिकोहाबाद से रालोद के टिकट पर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
Firozabad News: फिरोजाबाद की शिकोहाबाद विधानसभा सीट से पूर्व पर्यटन मंत्री अशोक यादव ने रालोद के टिकट पर आगामी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने भाजपा-रालोद गठबंधन के तहत सीट मिलने का दावा करते हुए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
Firozabad News
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री अशोक यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का खुला ऐलान किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और रालोद गठबंधन के तहत शिकोहाबाद विधानसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल को मिलेगी और वह रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव मैदान में उतरेंगे।बुधवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री अशोक यादव ने अपनी चुनावी मंशा जाहिर की। इस दौरान उन्होंने भाजपा-रालोद गठबंधन की रणनीति, विपक्षी दलों की राजनीति और पिछड़े वर्ग के आरक्षण सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पूर्व मंत्री अशोक यादव ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन मजबूत है। दोनों दल मिलकर आगामी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर 23 दिसंबर को प्रदेश में गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। उनके मुताबिक, यह रैली गठबंधन की राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी।हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव का जिक्र करते हुए अशोक यादव ने कहा कि मथुरा से लेकर मुजफ्फरनगर तक राष्ट्रीय लोकदल के पक्ष में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया है। इसमें सभी समुदायों के लोगों की भागीदारी रही है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद चुनाव नहीं लड़े और सीधे मुख्यमंत्री बन गए। आज उनके परिवार में छह सांसद हैं और करीब 20 लोग विभिन्न पदों पर जनप्रतिनिधि हैं।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए अब परिवार विकास पार्टी बनकर रह गया है। अशोक यादव ने आरोप लगाया कि सपा में परिवार को आगे बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिया गया, जबकि पिछड़े वर्ग के वास्तविक हितों के लिए अपेक्षित संघर्ष नहीं किया गया।
पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण के लिए संघर्ष का किया जिक्र
पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए उन्होंने संघर्ष किया था। इसके लिए उन्हें अपना मंत्री पद तक छोड़ना पड़ा और तत्कालीन सरकार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि न्यायालय में सरकार को हार का सामना करना पड़ा और पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दोबारा दिलाने में सफलता मिली।उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछड़ों के हितों के लिए वैसा संघर्ष नहीं किया गया, जैसी जरूरत थी।
अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ा राजनीतिक सफर भी किया साझा
अशोक यादव ने वर्ष 1995 की एक बड़ी राजनीतिक रैली का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने रामलीला मैदान में विशाल जनसभा आयोजित कराई थी। इसमें देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी शामिल हुए थे। इसी रैली के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी।पूर्व मंत्री ने कहा कि वह हमेशा गरीबों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास कुर्बानियों से लिखा जाता है, जमीन और संपत्ति एकत्रित करने से इतिहास नहीं बनता।पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीलम यादव, रालोद जिलाध्यक्ष देशराज सिंह, चिंतामणि, महेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।पूर्व मंत्री अशोक यादव के इस चुनावी ऐलान के बाद शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें भाजपा-रालोद गठबंधन में सीटों के बंटवारे और शिकोहाबाद सीट को लेकर होने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हैं।


