TRENDING TAGS :
फिरोजाबाद: डीएम ने पल्स पोलियो अभियान को दिखाई हरी झंडी, मतदाता व जनगणना पर भी दिया संदेश
Firozabad News: 22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाने की अपील; स्कूली बच्चों को स्व-गणना व मतदान के प्रति किया जागरूक।
Firozabad News: जनपद फिरोजाबाद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने एवं आमजन में व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी महोदय, फिरोजाबाद द्वारा कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सिविल लाइंस, दबरई, फिरोजाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पल्स पोलियो प्रचार-प्रसार अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने पल्स पोलियो अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे दिनांक 22 नवम्बर 2026 से आयोजित पल्स पोलियो अभियान में अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
जिलाधिकारी महोदय ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहने पाए। इसके लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य संबंधित विभागों का सक्रिय सहयोग प्राप्त किया जाए।
स्कूली बच्चों को जनगणना एवं स्व-गणना के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा उपस्थित स्कूली बच्चों को आगामी जनगणना एवं स्व-गणना प्रक्रिया के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं संसाधनों के समुचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है।उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को जनगणना तथा स्व-गणना प्रक्रिया में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे जनगणना कार्य को पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
निर्वाचन एवं मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के संबंध में दी जानकारी
इसी क्रम में जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्कूली बच्चों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतंत्र में मतदान के महत्व एवं मतदाता जागरूकता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने परिवार एवं आसपास के ऐसे नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें, जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा निर्धारित अर्हता तिथि पर पात्र होंगे।जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि स्वस्थ बचपन, जागरूक नागरिक एवं सशक्त लोकतंत्र ही विकसित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा, जनगणना एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की सफलता हेतु की अपील
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फिरोजाबाद डॉ. राम बदन राम ने जनपदवासियों से अपील की कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान अपने सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के सफल संचालन, व्यापक जनजागरूकता एवं अधिकतम बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाए जाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।कार्यक्रम के माध्यम से पल्स पोलियो टीकाकरण, जनगणना, स्व-गणना, निर्वाचन एवं मतदाता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक साथ जनजागरूकता का संदेश दिया गया।


