Firozabad News: फिरोजाबाद में फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल; जांच की मांग

Firozabad News: फिरोजाबाद में चार साल पुराने रेलवे फ्लाईओवर का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। 15 फीट मलबा गिरने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे और जांच की मांग की गई।

Brajesh Rathore
Published on: 17 Jun 2026 4:48 PM IST
Firozabad News: फिरोजाबाद में फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल; जांच की मांग
X

Firozabad News

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में चार वर्ष पहले बने रेलवे फ्लाईओवर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से लोगों में दहशत का माहौल है। थाना लाइनपार क्षेत्र स्थित लेबर कॉलोनी और रेलवे स्टेशन के बीच बने फ्लाईओवर से अचानक करीब 15 फीट हिस्से का मलबा गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय नीचे मौजूद लोग बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

चार वर्ष पहले बना था फ्लाईओवर

जानकारी के अनुसार, लेबर कॉलोनी और रेलवे स्टेशन के बीच लगभग 700 मीटर लंबा फ्लाईओवर करीब चार वर्ष पहले बनाया गया था। इस फ्लाईओवर का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम लिमिटेड द्वारा कराया गया था। बीती रात अचानक फ्लाईओवर के एक हिस्से से मलबा गिरने की घटना सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही ऊपर से मलबा गिरा, वहां मौजूद लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से हट गए। लोगों का कहना है कि यदि उस समय नीचे ज्यादा भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि महज चार साल में फ्लाईओवर का हिस्सा क्षतिग्रस्त होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने रात में ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। हालांकि, घटना को लेकर अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

मौके पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता

फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फ्लाईओवर की गुणवत्ता और संरचनात्मक मजबूती की जांच नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों में यह डर बना हुआ है कि किसी दिन फ्लाईओवर का कोई अन्य हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।घटना के बाद सरकारी महकमे की ओर से फिलहाल चुप्पी साध ली गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कोई भी अधिकारी कैमरे पर बयान देने के लिए तैयार नहीं है। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

फिरोजाबाद सदर विधायक मनीष असीजा ने भी मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।विधायक मनीष असीजा ने कहा कि फ्लाईओवर की गुणवत्ता, क्षमता और संरचनात्मक मजबूती का पूर्ण आकलन कराया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विशेषज्ञों की समिति गठित कर मामले की जांच कराई जाए और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि किसी भी संदेह की स्थिति में मामले को सामान्य मान लेना उचित नहीं होगा। जो भी व्यक्ति इस मामले में दोषी हो, उसे खोजकर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story