Firozabad News : फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग की जमीन से कब्जा हटाया, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

Firozabad News : शिकोहाबाद में स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया, कंक्रीट सड़क तोड़कर जमीन को कराया मुक्त

Brajesh Rathore
Published on: 18 May 2026 4:02 PM IST
Firozabad News : फिरोजाबाद में स्वास्थ्य विभाग की जमीन से कब्जा हटाया, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
X

Firozabad News

Firozabad News : फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कोतवाली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बेशकीमती जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि सत्ता पक्ष से जुड़े दबंग भूमाफियाओं ने अस्पताल की जमीन पर कंक्रीट की सड़क बनाकर कब्जा कर लिया था। मामले में समाजसेवी की शिकायत और सत्ता पक्ष के नेताओं के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कब्जा हटवा दिया।

बताया गया कि कोतवाली के पास स्थित स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर कुछ दिन पूर्व करीब 28 फुट लंबी कंक्रीट की सड़क डाल दी गई थी। इतना ही नहीं, वहां मौजूद पुराना पेड़ काटकर निजी जमीन का बोर्ड भी लगा दिया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कब्जाधारी सत्ता पक्ष से जुड़े होने के कारण प्रशासन शुरुआत में मौन बना रहा।

मामले की शिकायत नगर के समाजसेवी विनोद यादव ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से शिकायत की। इसके बाद मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष के हस्तक्षेप पर प्रशासन हरकत में आया।एसडीएम गजेंद्र पाल सिंह की मौजूदगी में पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने सड़क को ध्वस्त कर स्वास्थ्य विभाग की जमीन को कब्जा मुक्त कराया।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की इस बेशकीमती जमीन पर पहले भी कई बार कब्जे के प्रयास हो चुके हैं। हालांकि इस बार प्रशासनिक कार्रवाई के चलते भूमाफियाओं के मंसूबों पर पानी फिर गया।एसडीएम गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया है। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाई गई सड़क को हटवाया गया।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story