Firozabad News: नवागत डीएम ने खुद संभाली सफाई की कमान, फावड़ा चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Firozabad News: फिरोजाबाद के नवागत डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर खुद फावड़ा चलाया और अधिकारियों को स्वच्छता का सख्त संदेश दिया।

Brajesh Rathore
Published on: 9 May 2026 12:17 PM IST
Firozabad News: नवागत डीएम ने खुद संभाली सफाई की कमान, फावड़ा चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश
X

Firozabad News

Firozabad News: फिरोजाबाद के नवागत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पद संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी खुद मैदान में उतरे और फावड़ा चलाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।डीएम संतोष कुमार शर्मा ने परिसर में उगी झाड़ियों को कटवाया, नालियों की सफाई कराई और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने केवल नीचे के हिस्से ही नहीं बल्कि कलेक्ट्रेट की छत तक जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

सुबह 8 बजे से शुरू हुआ अभियान

स्वच्छता अभियान की शुरुआत सुबह 8 बजे से हुई। इस दौरान कलेक्ट्रेट और विकास भवन के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने परिसर के अलग-अलग विभागों का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था को बारीकी से देखा।निरीक्षण के दौरान जब डीएम कलेक्ट्रेट की छत पर पहुंचे तो वहां फैली गंदगी को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सबसे पहले दिखाई देनी चाहिए।


बारिश में भीगी फाइलें देखकर नाराज हुए डीएम

अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने खुले में रखी विभागीय फाइलों को भी देखा, जो बारिश के पानी से भीग चुकी थीं। इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सालों से बंद पड़े रिकॉर्ड रूम की बदहाल स्थिति को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जरूरी दस्तावेजों और रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

“जब अधिकारी खुद सफाई करेंगे तो गंदगी फैलाने से पहले सोचेंगे”

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि अगर अधिकारी और कर्मचारी अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे तो उनकी कार्यशैली में भी पारदर्शिता और स्वच्छता दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी खुद सफाई करेंगे तो गंदगी फैलाने से पहले भी जरूर सोचेंगे।डीएम ने साफ कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल दफ्तर चलाना नहीं बल्कि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देना और उन्हें सरकार की योजनाओं का बेहतर लाभ पहुंचाना भी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी कार्यालयों की साफ-सफाई और व्यवस्था बेहतर होगी तो जनता में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।

@Shalini Rai

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story