Firozabad News: भाजपा महिला मोर्चा ने सपा सांसद आवास का किया घेराव, ठंडे पानी पर भी गरमाई सियासत

Firozabad News: भाजपा महिला मोर्चा की कुछ कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया। नाराज महिला कार्यकर्ताओं ने पानी और कोल्ड ड्रिंक की ट्रे को फेंक दिया और कहा कि उन्हें सम्मान नहीं बल्कि अधिकार चाहिए।

Brajesh Rathore
Published on: 12 May 2026 3:56 PM IST
Firozabad News
X

Firozabad News

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर राजनीतिक माहौल देखने को मिला। महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा विपक्षी सांसदों के आवास घेराव कार्यक्रम के अंतर्गत सपा सांसद अक्षय यादव के आवास पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पहुंचीं और सांसद आवास के बाहर नारेबाजी करते हुए घेराव किया।

सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुलिस मौजूद

नेशनल हाईवे स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे और फिरोजाबाद सांसद अक्षय यादव के आवास के बाहर सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुलिस लगातार मौजूद रही।

प्रदर्शन में की गई ठंडे पानी और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं ने सांसद अक्षय यादव के आदेश पर भीषण गर्मी को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के लिए ठंडे पानी और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की। सपा कार्यकर्ताओं ने महिला प्रदर्शनकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की सम्मानित अतिथि हैं और उनका सम्मान करना उनका कर्तव्य है।

"सम्मान नहीं, अधिकार चाहिए"

हालांकि यह प्रयास भाजपा महिला मोर्चा की कुछ कार्यकर्ताओं को रास नहीं आया। नाराज महिला कार्यकर्ताओं ने पानी और कोल्ड ड्रिंक की ट्रे को फेंक दिया और कहा कि उन्हें सम्मान नहीं बल्कि अधिकार चाहिए। इस दौरान मौके पर मौजूद भाजपा नगर अध्यक्ष शिवम दीक्षित ने भी महिला कार्यकर्ताओं को पानी के पाउच बांटने शुरू कर दिए।

इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच महिला हितैषी होने की राजनीतिक होड़ साफ दिखाई दी। एक ओर भाजपा महिला मोर्चा महिला आरक्षण और महिला अधिकारों के मुद्दे को लेकर सपा को घेरने में जुटी रही, वहीं दूसरी ओर सपा कार्यकर्ता महिलाओं का सम्मान कर खुद को महिला हितैषी साबित करने की कोशिश करते नजर आए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से राजनीतिक रणनीतियां तैयार होने लगी हैं। भाजपा जहां महिला वोट बैंक को मजबूत करने के लिए महिला मोर्चा के माध्यम से विपक्ष को घेर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी भी महिलाओं के सम्मान और स्वागत की राजनीति के जरिए अपनी छवि मजबूत करने में लगी हुई है।

बता दे, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान शिकोहाबाद में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधते नजर आए।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story