TRENDING TAGS :
Firozabad News: ज्वेलर्स की दुकान से दो सोने की चेन लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
Firozabad News: फिरोजाबाद के सिरसागंज में पीपी ज्वेलर्स की दुकान से दो सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने 20 घंटे में खुलासा किया। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि दूसरे आरोपी और टाटा नेक्सॉन की तलाश जारी है।
Firozabad News
Firozabad News: सिरसागंज कस्बे के इटावा रोड स्थित पीपी ज्वेलर्स की दुकान से दो सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने महज 20 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई करीब 10 ग्राम वजन की एक सोने की चेन, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। घटना में शामिल दूसरे आरोपी और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को करीब तीन बजे पीपी ज्वेलर्स के संचालक सुजल जैन दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार से दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे। एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और सोने की चेन देखने लगा। आरोप है कि उसने दो चेन अपने गले में डाल लीं। दुकानदार को शक होने पर जब उसने चेन वापस करने को कहा तो आरोपी कथित तौर पर धमकी देते हुए अपने साथी के साथ कार में बैठकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को जांच के दौरान ईशू पुत्र वीरमान निवासी वेदपुरा, प्रेमनाथ बाबा मंदिर के पास जाटव बस्ती, थाना वेदपुरा, जिला इटावा को दिहुली रोड स्थित नवनिर्मित कोल्ड स्टोर के पास गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूटी गई करीब 10 ग्राम वजन की एक सोने की चेन, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात का कम समय में खुलासा होने पर स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।


