TRENDING TAGS :
Firozabad News: रिश्तेदार के घर से आभूषण चोरी के मामले में आरोपी की पत्नी और बेटी गिरफ्तार
Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रिश्तेदार के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस ने आरोपी पंकज शुक्ला की पत्नी संगीता और बेटी श्रेया को मुस्तफाबाद रोड से गिरफ्तार किया।
Firozabad News
Firozabad News: रिश्तेदारी में घर आए लोगों पर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने जांच के दौरान सामने आई आरोपी की पत्नी और बेटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों महिलाओं को मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर मुस्तफाबाद रोड से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, गोपाल दत्त पुत्र मुन्नालाल निवासी कृष्णा बिहार, स्टेशन रोड ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके रिश्तेदार पंकज शुक्ला पुत्र कृष्ण मनोहर शुक्ला निवासी रस्तोगी मोहल्ला, फर्रुखाबाद और सौरभ अवस्थी पुत्र कुंज बिहारी अवस्थी निवासी कादरी गेट, फर्रुखाबाद उनके घर आए थे।रिश्तेदारी होने के चलते उन्होंने 11 सितंबर की रात दोनों को अपने घर पर ठहराया था। 12 सितंबर को गोपाल दत्त दिल्ली चले गए। इसके बाद 13 सितंबर को दोनों रिश्तेदार अपने घर लौट गए।
अलमारी से गायब मिले सोने-चांदी के आभूषण
घर लौटने पर गोपाल दत्त ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब देखे। उन्होंने इस संबंध में दोनों रिश्तेदारों से पूछताछ की तो आरोप है कि उन्होंने धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।इसके बाद पीड़ित ने 20 सितंबर को थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
जांच में सामने आया पत्नी और बेटी का नाम
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो विवेचना के दौरान आरोपी पंकज शुक्ला की पत्नी और बेटी के नाम भी सामने आए। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित दोनों महिलाएं मुस्तफाबाद रोड पर कहीं जाने की फिराक में खड़ी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया।
गिरफ्तार महिलाओं के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान श्रेया पुत्री पंकज शुक्ला, मूल निवासी रस्तोगी मोहल्ला, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद, हाल निवासी चौगानपुर, नॉलेज पार्क-5, एच-20 रेजीडेंसी, गौतमबुद्ध नगर और संगीता शुक्ला पत्नी पंकज शुक्ला निवासी रस्तोगी मोहल्ला, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।


