Firozabad News: फिरोजाबाद में पुलिस की डबल मुठभेड़, इनामिया चोर समेत तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

Firozabad News: फिरोजाबाद में दो पुलिस मुठभेड़ों में 15 हजार के इनामिया चोर समेत तीन बदमाश गिरफ्तार, चोरी के जेवर और वाहन बरामद।

Brajesh Rathore
Published on: 11 Jun 2026 8:34 AM IST
Firozabad News: फिरोजाबाद में पुलिस की डबल मुठभेड़, इनामिया चोर समेत तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
X

Firozabad Police Encounter

Firozabad News: फिरोजाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों में एक 15 हजार रुपये के इनामिया चोर समेत तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के चोरी के जेवरात, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना दक्षिण पुलिस को सूचना मिली कि 15 हजार रुपये का इनामिया और चोरी के मामले में वांछित आदिल उर्फ कादिर चोरी का माल बेचने के लिए लालऊ क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में आदिल उर्फ कादिर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी मुस्ताक अली अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आदिल उर्फ कादिर के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के चोरी किए गए स्वर्ण आभूषण, एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर का छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आदिल के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती, मारपीट, जानलेवा हमला और अवैध असलहा रखने जैसे गंभीर मामलों में विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं दूसरी ओर थाना टूण्डला पुलिस ने भी बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों विकास और योगेश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजा का ताल क्षेत्र में घेराबंदी की थी। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में विकास के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी योगेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार वाहन चोरों के कब्जे से कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में तीन फिरोजाबाद और दो आगरा जनपद से चोरी की गई थीं। घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल फिरोजाबाद पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story