TRENDING TAGS :
जिस गर्भवती महिला को पुलिस ने मारी थी कथित लात, अब सामने आई Postmortem Report, इस कारण हुई मौत
Firozabad News: रिपोर्ट के अनुसार, दबाव के चलते यूट्रस फटने की घटना हुई थी। विशेष बात यह है कि महिला के शरीर पर किसी तरह की चोट का निशान नहीं मिला है।
Firozabad News
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस की कथित धक्का-मुक्की और गर्भवती महिला की मौत का मामला इस वक़्त लगातार चर्चा में है। इस मामले में अब महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट (Postmortem Report) सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की मौत यूट्रस फटने (Uterus Rupture) के कारण से हुई थी।
वहीं, रिपोर्ट में मृत बच्चे को स्वस्थ बताया गया है और उसका वजन भी अच्छा बताया गया है। महिला का हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) लगभग 5 प्वाइंट था। रिपोर्ट के अनुसार, दबाव के चलते यूट्रस फटने की घटना हुई थी। विशेष बात यह है कि महिला के शरीर पर किसी तरह की चोट का निशान नहीं मिला है।
पति को हिरासत में लेने के बाद बिगड़ी थी महिला की हालत
यह मामला शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लभौआ का है। यहां रहने वाली 28 साल की अंजलि के पति गौरव को चोरी के मामले में पकड़ने के लिए रविवार रात लगभग 11:45 बजे उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, उस वक़्त अंजलि गर्भवती थी और उसने अपने पति को पुलिस के साथ न ले जाने की गुहार लगाई थी।
परिवार वालों का आरोप है कि पति को रोकने का प्रयास करने पर उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने अंजलि के पेट पर कथित तौर पर लात मार दी। इसके बाद वह जमीन पर गिर गई। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की (Police Scuffle) किए जाने का आरोप भी परिजनों की तरफ से लगाया गया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
बेटे को जन्म देने के बाद हुई महिला की मौत
परिजनों के मुताबिक, पुलिस गौरव को अपने साथ लेकर चली गई। इसके बाद अंजलि की तबीयत तेजी से बिगड़ चली गई। उसे शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसने एक बेटे को जन्म दिया। बच्चे को लेकर भी परिवार की तरफ से गंभीर हालत की बात कही गई थी और उसे इलाज के लिए आगरा भेजे जाने की जानकारी दी गई थी।
बच्चे के जन्म के बाद अंजलि की हालत और अधिक ख़राब हो गई। इसके बाद उसे फिरोजाबाद के लक्ष्मी फाउंडेशन अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि अंजलि की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसके पति गौरव को छोड़ दिया।
पोस्टमार्टम में यूट्रस फटने की बात सामने आई
महिला की मौत के बाद उसके शव का देर रात पोस्टमार्टम (Postmortem) कराया गया। सामने आई रिपोर्ट में यूट्रस फटने को मौत का कारण बताया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दबाव के कारण यूट्रस फटने की घटना हुई थी। महिला का हीमोग्लोबिन सिर्फ 5 प्वाइंट बताया गया है। वहीं, नवजात बच्चे को रिपोर्ट में स्वस्थ बताया गया और उसका वजन भी अच्छा बताया गया है।
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम के बाद रात में ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली। अंजलि की मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किये गए। परिवार की तरफ से पुलिसकर्मियों पर गर्भवती महिला के साथ धक्कामुक्की करने और लात मारने का आरोप लगाया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने दो उपनिरीक्षक सहित 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित (Police Suspension) कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर क्षेत्र रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह, मुख्य आरक्षी मोहन सिंह और अरविंद कुमार तथा आरक्षी भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार को लापरवाही के आरोप में तुरंत ही निलंबित किया गया है।
सपा नेताओं ने थाने पहुंचकर किया धरना प्रदर्शन
इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन मंगलवार को अन्य सपा नेताओं और समर्थकों के साथ शिकोहाबाद थाना पहुंचे। उन्होंने कोतवाल सहित थाने के सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
वहीं, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यूट्रस फटने को महिला की मौत की वजह बताए जाने और शरीर पर चोट का निशान नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है। दूसरी तरफ, महिला के परिजन पुलिस पर धक्का-मुक्की और लात मारने का आरोप लगा रहे हैं। इसी के कारण मामला अभी भी चर्चा में बना हुआ है।


