Firozabad News: 60 लाख की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

Firozabad News: फिरोजाबाद में सुनार से 60 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 1.35 लाख रुपये की नकदी लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए गए।

Brajesh Rathore
Published on: 19 Jun 2026 8:07 AM IST
Firozabad News: 60 लाख की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
X

Firozabad News

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक सुनार से 60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 1.35 लाख रुपये की नकदी की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूटकांड में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया।

12 जून को हुई इस सनसनीखेज लूट के बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। बीती रात पुलिस को आरोपियों की लोकेशन छींचामई पुल के पास मिली, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में सुनील उर्फ भोला के पैर में गोली लग गई।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सुनील उर्फ भोला समेत तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन तथा लूटे गए सोने को बेचकर जुटाए गए 19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि 12 जून को हुई लूट की घटना में करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 1.35 लाख रुपये की नकदी लूटी गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस अब लूट के शेष माल की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story