Firozabad News: शादी के महज 10 दिन बाद मार दी गोली, पढ़ाई को लेकर जलता था चाचा, हालत गंभीर

Firozabad News: फिरोजाबाद में शादी के 10 दिन बाद युवक को उसके चाचा ने गोली मारी, पढ़ाई को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

Brajesh Rathore
Published on: 19 May 2026 10:15 AM IST
Firozabad News: शादी के महज 10 दिन बाद मार दी गोली, पढ़ाई को लेकर जलता था चाचा, हालत गंभीर
X

Firozabad News

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक हमउम्र चाचा ने अपने ही भतीजे को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घर लौट रहा था गोपाल

दरअसल यह पूरा मामला सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय गोपाल सोमवार देर शाम गांव के बाहर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके सगे चाचा ने तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे गोपाल की कमर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

गोली की आवाज सुन दौड़े ग्रामीण

वहीं गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन घायल गोपाल को तुरंत सिरसागंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल युवक गोपाल की शादी इसी महीने 9 मई को हुई थी। शादी के महज 10 दिन बाद इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

पढ़ाई को लेकर हुआ था विवाद

वहीं घटना में घायल गोपाल का आरोप है कि करीब पांच महीने पहले पढ़ाई को लेकर उसका अपने चाचा से विवाद हुआ था। तभी से आरोपी उससे रंजिश मानने लगा था। गोपाल का कहना है कि वह पढ़ाई में अच्छा था और इसी बात को लेकर उसका चाचा उससे जलन रखता था। आरोप है कि इसी खुन्नस में उस पर जानलेवा हमला किया गया।

“मामूली विवाद में मार दी गोली”

वहीं घायल गोपाल की मां रीता देवी ने आरोप लगाया है कि मामूली विवाद को लेकर उनके बेटे को गोली मार दी गई। उन्होंने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का बताया है। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है, जबकि गांव में भी इस वारदात को लेकर चर्चा बनी हुई है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

वहीं फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story