Firozabad News: डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर मालगाड़ी में भीषण आग, वाहनों से भरा वैगन जला

Firozabad News: फिरोजाबाद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चल रही मालगाड़ी के एक वैगन में भीषण आग लग गई। चार पहिया वाहनों से भरा वैगन जलकर खाक हो गया, जबकि रेलवे और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

Brijesh Singh
Published on: 17 Jun 2026 6:07 PM IST
Firozabad News
X

Firozabad News(Photo-Social Media)

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चार पहिया वाहनों से लदी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसमान में धुएं का विशाल गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर के पास डीएफसी ट्रैक पर टूंडला से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के एक वैगन में अचानक आग भड़क उठी। वैगन में चार पहिया वाहन लदे हुए थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई किलोमीटर दूर से काला धुआं दिखाई देने लगा। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर डीएफसी के एक ट्रैक पर रेल संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित किया गया, जबकि दूसरे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि वैगन में लदे वाहनों को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Brijesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Brijesh Singh

Next Story