Firozabad News: अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

Firozabad News: मटसेना पुलिस और एसओजी टीम ने अगरूपुरा में की छापेमारी, 12 बने-अधबने तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद, आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

Brajesh Rathore
Published on: 18 Nov 2026 4:03 PM IST
Illegal armor factory raided, two accused arrested
X

अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मटसेना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 12 बने और अधबने तमंचे, दो खोखा कारतूस, लोहे की नाल, तमंचों की बॉडी और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे कब से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे थे और इनकी सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 नवंबर की रात थाना मटसेना पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मटसेना क्षेत्र के ग्राम अगरूपुरा में करकौली पौधशाला के पास मिट्टी के टीलों के बीच अवैध रूप से तमंचे बनाने और उनकी मरम्मत करने का काम किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर अवैध रूप से असलहा बनाने का काम होता मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

12 तमंचों के साथ हथियार बनाने के उपकरण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतराम निवासी अगरूपुरा और सूरज निवासी आशाबाद के रूप में की है। मौके से कुल 12 बने और अधबने तमंचे बरामद हुए हैं। इनमें छह तमंचे 12 बोर और छह तमंचे 315 बोर के हैं। इसके अलावा दो खोखा कारतूस और आठ लोहे की नाल भी मिली हैं।

पुलिस को मौके से तमंचों की बॉडी और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले हैं। इनमें ड्रिल मशीन, हथौड़ी, छैनी, आरी और स्प्रिंग सहित अन्य सामान शामिल हैं। बरामद उपकरणों से मौके पर अवैध हथियार बनाने और उनकी मरम्मत किए जाने की बात सामने आई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी चेतराम के खिलाफ पहले से आयुध अधिनियम सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी सूरज के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना मटसेना पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/5/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियार बनाने के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी कितने समय से इस काम में लगे थे और उनके द्वारा तैयार किए गए तमंचों की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस काम में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

वरिष्ठ संवाददाता, फिरोजाबादlalabkr@gmail.com
Next Story