Firozabad News: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का सपा पर हमला, बोले- डकैत कैसे करेगा माल की रखवाली

Firozabad News: फिरोजाबाद में पर्यटन मंत्री ने 377.92 करोड़ के बालाजी मंदिर भवन का किया लोकार्पण, कहा- भाजपा सरकार ने सनातन धरोहरों के विकास में स्थापित किए नए कीर्तिमान।

Brijesh Singh
Published on: 28 Nov 2026 10:00 PM IST
Tourism Minister Jayavir Singh attacks SP, says how robbers will guard property
X

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का सपा पर हमला, बोले- डकैत कैसे करेगा माल की रखवाली (Photo- Newstrack)

Firozabad News: प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने सपा के चुनावी घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को उसके वादों पर विश्वास नहीं है। लोगों को पता है कि सपा को दोबारा मौका मिला तो प्रदेश में जंगलराज लौट आएगा। उन्होंने कहा कि सपा ने खुद स्वीकार किया है कि उसके शासनकाल में गुंडों और माफिया का बोलबाला था। कांग्रेस अध्यक्ष के परिसीमन संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि परिसीमन चुनाव आयोग का काम नहीं, बल्कि इसके लिए स्वतंत्र आयोग है। परिसीमन बिल से महिलाओं को आरक्षण और अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे जनता की आवाज को भी मजबूती मिलेगी।

बालाजी मंदिर में भवन का लोकार्पण

पर्यटन मंत्री ने बालाजी मंदिर में 377.92 करोड़ रुपये की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया। इससे पहले नौशहरा में 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा है कि शनिवार को भवन का लोकार्पण हो रहा है। यह भवन साधु-संतों के ठहरने, पूजा-पाठ और विभिन्न आयोजनों के लिए बनाया गया है।

सनातन धरोहरों के विकास पर दिया जोर

जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले सनातन संस्कृति की धरोहरों के विकास पर इतना धन खर्च नहीं किया जाता था। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और काशी कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि अब कृष्ण जन्मस्थली पर कॉरिडोर बनाना संकल्प है। प्रदेश की तीन हजार से अधिक सनातन धरोहरों को जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने सपा शासनकाल में लूट, चौथ वसूली, दंगा, बलात्कार, हत्या और अपहरण का बोलबाला होने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से अग्रणी राज्य बनाया और कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने जनता से भाजपा को तीसरा मौका देने की अपील की।

पर्यटन विकास के कार्यों का किया जिक्र

मंत्री ने बताया कि जनपद में देश का पहला ग्लास म्यूजियम तैयार हुआ है। रपड़ी में ईको टूरिज्म, बटेश्वर धाम और जैन समाज के तीर्थ का विकास किया गया है। दिल्ली से बलिया तक होटल और ऑडिटोरियम बनाए जा रहे हैं। नीम करौली सर्किट के तहत अकबरपुर स्थित उनके जन्मस्थान से उत्तराखंड के कैंची धाम तक नया सर्किट विकसित करने का काम शुरू किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन मुकेश मणिकांचन ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव, मंदिर अध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता, प्रबंधक राजेश गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष रघुवर दयाल गुप्ता, मंदिर ट्रस्टी सुनील टंडन, विशाल गुप्ता, सुशील यादव, अजय मित्तल, अरुण गुप्ता, सुभाष राजपूत, मनीष भारद्वाज, नरेश चन्द्र, रिंकू शर्मा, निर्देश यादव, महेश अग्रवाल, अंशु गुप्ता, सुधीर अग्रवाल, सीमा चौहान, पंकज राजपूत, प्रदीप कुमार, मंजेश शर्मा, पुरुषोत्तम राजपूत, पुष्पेंद्र राठौर, गगन कठेरिया और आकाश कुशवाह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Brijesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Brijesh Singh

bsnewsbloggingsitebrijeshsingh@gmail.com
Next Story