TRENDING TAGS :
Firozabad News: किशोरी के साथ दरिंदगी करने वाले दो सगे भाइयों का हाफ एनकाउंटर, तीसरा फरार
Firozabad News: फिरोजाबाद के खैरगढ़ में किशोरी पर हमले के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा। दोनों घायल हैं और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। जांच जारी है।
किशोरी के साथ दरिंदगी करने वाले दो सगे भाइयों का हाफ एनकाउंटर, तीसरा फरार (Photo- Newstrack)
Firozabad News: फिरोजाबाद में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों का हाफ एनकाउंटर किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। वहीं, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घर से शौच के लिए निकली किशोरी हुई थी लापता
मामला फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां शनिवार शाम 16 वर्षीय किशोरी घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग पूरी रात उसे खोजते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
रविवार सुबह गांव के एक व्यक्ति को खेत की तरफ से किशोरी के कराहने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो करीब 300 मीटर दूर खेत में किशोरी बदहवास और गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। ग्रामीण की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने की फायरिंग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सोमवार को पुलिस को उनकी लोकेशन मिल गई। पुलिस टीम ने आरोपितों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो सगे भाइयों जगत और ऋषि के पैर में गोली लग गई। दोनों नगला सत्तू गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक बरामद की है। वहीं, उनका तीसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फोन करके किशोरी को बुलाने के बाद वारदात का आरोप
एसएसपी आदित्य लांघे के मुताबिक, आरोपी ऋषि और उसके एक सहयोगी ने फोन करके किशोरी को बुलाया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किशोरी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
फिलहाल, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। किशोरी के साथ हुई इस घटना से इलाके में चिंता का माहौल है।


