TRENDING TAGS :
फिरोजाबाद: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली; गिरफ्तार
Firozabad News: मक्खनपुर क्षेत्र के घुनपई अंडरपास के पास हुई मुठभेड़, आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद; जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती।
Firozabad News: थाना मक्खनपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
घर से बाहर बुलाकर किया था दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को एक महिला ने थाना मक्खनपुर में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम सांती निवासी अजीत पुत्र प्रेमपाल ने रात करीब दो बजे फोन कर उसकी नाबालिग बेटी को घर से बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) और 3/4 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
घेराबंदी देख आरोपी ने की फायरिंग
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि वांछित आरोपी अजीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी घुनपई अंडरपास के नीचे कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


