Firozabad News: नौशहरा में रामलीला मैदान का कायाकल्प, मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश को घेरा

Firozabad News: 1.15 करोड़ रुपये से मैदान में बाउंड्रीवाल, मंच और सुविधाओं का निर्माण कराया गया। लोकार्पण के दौरान पर्यटन मंत्री ने अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार किया।

Brajesh Rathore
Published on: 28 Nov 2026 11:17 PM IST
Renovation of Ramlila Maidan in Naushahara, Minister Jayavir Singh surrounds Akhilesh
X

 नौशहरा में रामलीला मैदान का कायाकल्प, मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश को घेरा (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फिरोजाबाद शिकोहाबाद क्षेत्र के नौशहरा गांव में 1 करोड़ 15 लाख 36 हजार की लगात से बनने वाले रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। लंबे समय से अव्यवस्थित पड़े रामलीला मैदान पर अवैध कब्जे की आशंका के बीच यहां बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया। साथ ही रामलीला मंच और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास कर मैदान को रामलीला कमेटी नौशहरा को सौंप दिया गया है। इस दौरान पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, नौशहरा के ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बधाई दी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने कहा कि यह पवित्र स्थल क्षेत्र के लोगों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा हुआ है। मैदान की बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण और अन्य सुविधाओं के विकास से रामलीला आयोजन को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रामलीला कमेटी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी।

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लोकसभा की सीमाएं बढ़ाए जाने और भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित न होने संबंधी बयान पर पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को न तो देश का विकास दिखाई देता है और न ही कानून व्यवस्था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को भी वह नहीं देख पा रहे हैं। तो अखिलेश यादव को अपना चश्मा बदलकर बिना पूर्वाग्रह के विकास कार्यों को देखना चाहिए।

सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में गन्ना भुगतान और किसानों का कर्ज माफ करने की अखिलेश यादव की घोषणा पर भी पर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्ष 2012 से 2017 तक प्रदेश की सत्ता संभाल चुके हैं। ऐसे में जनता उनके शासनकाल के अनुभव को नहीं भूली है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में अपराध, गुंडागर्दी, दंगे और माफियाराज की स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश की जनता ने इसी वजह से समाजवादी पार्टी को नकारते हुए भाजपा को जनादेश दिया था।

पर्यटन मंत्री ने बिहार की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की जनता भी लालू प्रसाद यादव के शासनकाल के कथित जंगलराज को नहीं भूली है। यही कारण है कि जनता ने उनके बेटे की पार्टी को भी अपेक्षित समर्थन नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भी अखिलेश यादव के शासनकाल को याद रखती है और केवल घोषणाओं तथा वादों से भ्रमित होने वाली नहीं है।

एनडीए का मतलब नफरत बताए जाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि एनडीए की नफरत अन्याय, शोषण, अराजकता, देशविरोधी गतिविधियों और आतंकवाद से है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए धारा 370, 35ए तथा नक्सलवाद जैसी समस्याओं के खिलाफ खड़े हैं। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए इनका विरोध जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण के आधार पर अपना निर्णय लेती है और आने वाले समय में भी समाजवादी पार्टी के वादों के बजाय सरकार के कार्यों को प्राथमिकता देगी।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

वरिष्ठ संवाददाता, फिरोजाबादlalabkr@gmail.com
Next Story