Firozabad News: पूर्व विधायक के बेटे और पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार, गांव में पसरा मातम

Firozabad News: फिरोजाबाद में पूर्व विधायक के बेटे और उनकी पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Brijesh Singh
Published on: 14 Jun 2026 12:56 PM IST
Firozabad News: पूर्व विधायक के बेटे और पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार, गांव में पसरा मातम
X

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र के चर्चित जमींदार परिवार में हुई दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक जगदीश सिंह यादव डाहिनी के पुत्र राकेश यादव और उनकी पत्नी मूर्ति देवी के शव जब पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। हर तरफ मातम का माहौल दिखाई दिया और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। बताया जा रहा है कि राकेश यादव ने पहले अपनी पत्नी मूर्ति देवी को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी थी और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे।

एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

राकेश यादव की दो बेटियां हैं और उनका कोई बेटा नहीं है। ऐसे में अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उनके भांजे गौरव यादव ने निभाई। गमगीन माहौल के बीच गौरव यादव ने दोनों को मुखाग्नि दी। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं और माहौल पूरी तरह शोकमय हो गया।

राजनीति और समाज में था परिवार का प्रभाव

राकेश यादव राजनीति में सक्रिय रहे थे और जनता दल के टिकट पर दो बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। उन्होंने पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के रूप में नौकरी की थी, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर वकालत के क्षेत्र में आ गए थे। उनकी पत्नी मूर्ति देवी डाहिनी गांव की पूर्व प्रधान रह चुकी थीं। वहीं राकेश यादव ए.के. इंटर कॉलेज के प्रबंधक भी रहे थे। बताया जा रहा है कि कॉलेज से जुड़े गबन के आरोपों का एक मामला भी उनके खिलाफ दर्ज था, जिससे वह काफी समय से परेशान चल रहे थे।

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और क्षेत्र के गणमान्य लोग गांव पहुंच गए। अंतिम संस्कार में सिरसागंज से समाजवादी पार्टी विधायक सर्वेश यादव, शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा, पूर्व एमएलसी डॉ. दिलीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव और रामसेवक यादव समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता डॉ. रामकैलाश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेता भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

रोता-बिलखता रहा पूरा गांव

डाहिनी गांव में अंतिम संस्कार के दौरान हर वर्ग के लोग शोक में डूबे दिखाई दिए। महिलाएं और पुरुष रोते-बिलखते नजर आए। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति अपने गहरे लगाव और भावनात्मक जुड़ाव का परिचय दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में इस परिवार का विशेष प्रभाव रहा है और इतने प्रतिष्ठित परिवार का इस तरह दुखद अंत होना सभी को झकझोर देने वाला है। गांव में दिखाई दिया आपसी व्यवहार और सामाजिक एकजुटता का माहौल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। इस दुखद घटना ने पूरे शिकोहाबाद क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और लोग अभी भी इस परिवार के अचानक हुए अंत को लेकर गहरे सदमे में हैं।

Brijesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Brijesh Singh

Next Story