TRENDING TAGS :
Firozabad News: संघ प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा
Firozabad News: फिरोजाबाद में संघ प्रमुख मोहन भागवत की यात्रा के दौरान ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। घटना में ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की ट्रेन पर गुरुवार शाम फिरोजाबाद में पथराव की घटना सामने आई है। मोहन भागवत कानपुर से शताब्दी एक्सप्रेस के जरिए नई दिल्ली जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी बोगी को निशाना बनाकर पत्थर फेंका गया, जिससे कोच की खिड़की का शीशा टूट गया।
जिस कोच में बैठे थे, उसी पर फेंका गया पत्थर
जानकारी के अनुसार मोहन भागवत शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास के ई-1 कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन जब मक्खनपुर और फिरोजाबाद के बीच से गुजर रही थी, तभी अचानक किसी ने बोगी की ओर पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे उसी कोच पर लगा, जिसमें संघ प्रमुख मौजूद थे। पथराव से खिड़की का शीशा टूट गया, हालांकि इस घटना में मोहन भागवत पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
सुरक्षा कारणों से बीच रास्ते नहीं रोकी गई ट्रेन
घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को रास्ते में कहीं भी नहीं रोका गया। मामले की सूचना मिलते ही टूंडला जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शाम 7 बजकर 34 मिनट पर जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस टूंडला जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, वहां सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने ट्रेन और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। जांच पूरी होने के बाद शाम 7 बजकर 41 मिनट पर ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
पथराव करने वालों की तलाश में सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीमों ने मक्खनपुर-फिरोजाबाद रेलखंड के आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सुरक्षा एजेंसियां पथराव करने वालों की पहचान और तलाश में जुटी हुई हैं।
आशीर्वाद समारोह में शामिल होने कानपुर पहुंचे थे भागवत
इससे पहले मोहन भागवत गुरुवार दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर कानपुर में आयोजित एक आशीर्वाद समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। यह समारोह नीतू सिंह की बेटी वसुंधरा और यश के विवाह से पहले आयोजित किया गया था। दोनों की शादी 21 जून को होनी है। नीतू सिंह, कानपुर के पूर्व भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी की बड़ी बेटी हैं। समारोह में पहुंचने पर नीतू सिंह ने मोहन भागवत के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनका स्वागत और अभिवादन किया।
कई वीआईपी भी रहे मौजूद
आशीर्वाद समारोह में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, योगेंद्र उपाध्याय, भूपेंद्र चौधरी समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी। बताया गया कि नीतू सिंह का परिवार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा है। समारोह में शामिल होने के बाद मोहन भागवत नई दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में उनकी ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आ गई।


