TRENDING TAGS :
Firozabad News: माहेश्वरी जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, तीमारदारों से की सीधी बातचीत
Firozabad News: रोजाबाद में माहेश्वरी जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर फीडबैक प्राप्त किया।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर स्थित सौ शैया युक्त राजनारायण माहेश्वरी जिला संयुक्त चिकित्सालय का जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मरीजों तथा उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी के अचानक अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इमरजेंसी वार्ड में गंदी चादर मिलने पर लगाई फटकार
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों के बेड पर बिछी चादरों का निरीक्षण किया। एक बेड पर गंदी चादर मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पुरुष शौचालय बंद मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
कोल्ड रूम और आयुष्मान कक्ष का भी किया निरीक्षण
रविवार होने के कारण ओपीडी बंद थी, लेकिन इसके बावजूद जिलाधिकारी ने अस्पताल के अन्य महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोल्ड रूम और आयुष्मान कक्ष की व्यवस्थाओं को भी देखा और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कुपोषित बच्चों और तीमारदारों से की बातचीत
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती कुपोषित बच्चों को भी देखा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ मौजूद तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। तीमारदारों से सीधे संवाद कर जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया।
महिला और वार्म वार्ड का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला वार्ड और वार्म वार्ड का भी दौरा किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों के उपचार और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के साथ उपजिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह भी मौजूद रहे। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. शान मोहम्मद और डॉ. शिवकुमार करदम सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।


