Firozabad News: पीएम और सीएम की अपील का असर, पैदल दफ्तर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

Firozabad News: फिरोजाबाद में पीएम और सीएम की अपील का असर देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारी पैदल दफ्तर पहुंचे, जिससे जनजागरूकता और अनुशासन का संदेश गया।

Brijesh Singh
Published on: 15 May 2026 12:30 PM IST
Firozabad News
X

Firozabad News(Photo-Social Media)

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का असर साफ दिखाई दिया। शुक्रवार को जिले में “नो व्हीकल डे” के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा बिना वाहन के दफ्तर पहुंचे। उन्होंने करीब 500 मीटर तक पैदल चलकर जिला मुख्यालय कार्यालय पहुंचकर लोगों को ईंधन बचाने का संदेश दिया।

पैदल दफ्तर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के साथ मुख्य विकास अधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी अपने वाहनों का इस्तेमाल किए बिना पैदल दफ्तर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि ईंधन की बचत करें और उसका व्यर्थ इस्तेमाल न करें। जिला प्रशासन की इस पहल को लेकर शहर में चर्चा का माहौल रहा और लोगों ने भी इसे सकारात्मक कदम बताया।

हर शुक्रवार मनाया जाएगा “नो व्हीकल डे”

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से पेट्रोल और ईंधन की खपत कम करने की अपील की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि अब जनपद में हर शुक्रवार “नो व्हीकल डे” मनाया जाएगा, जिसमें अधिकारी और कर्मचारी पैदल या वैकल्पिक साधनों से कार्यालय पहुंचेंगे।

ईंधन बचाने की लोगों से की अपील

जिलाधिकारी ने कहा कि देश में ईंधन का संकट है और ऐसे समय में सभी लोगों को सहयोग करने की जरूरत है। उन्होंने जनपदवासियों से ज्यादा से ज्यादा ईंधन बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं और यदि लोग कम दूरी के लिए वाहन का प्रयोग कम करें तो ईंधन की काफी बचत हो सकती है।

कर्मचारियों और अधिकारियों ने निभाई जिम्मेदारी

शुक्रवार को जिला मुख्यालय में कई कर्मचारी और अधिकारी पैदल ही अपने कार्यालय पहुंचे। प्रशासन की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story