Firozabad News: फिरोजाबाद में 1.46 करोड़ से बनेगा मंदिर, मंत्री जयवीर का विपक्ष पर हमला

Firozabad News: सिरसागंज के रजौरा गांव में मंदिर निर्माण का शिलान्यास करते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर निशाना साधा।

Brajesh Rathore
Published on: 7 Jun 2026 10:10 PM IST
Temple to be built for Rs 1.46 crore in Firozabad, attack against Minister Jayaveer
X

फिरोजाबाद में 1.46 करोड़ से बनेगा मंदिर, मंत्री जयवीर का विपक्ष पर हमला (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र के गांव रजौरा में गुदरिया वाले बाबा मंदिर के निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मंदिर निर्माण का यह कार्य एक करोड़ छियालिस लाख तिरानवे हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ और सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा प्रदेश के सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेश और केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम किया गया है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में गुंडों और माफियाओं पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है और कानून का राज स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों के हित में काम कर रही है।

सपा सरकार पर बोला हमला

कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडई और अराजकता का माहौल था, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है।



मीडिया से बातचीत में विपक्ष को दिया जवाब

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्ष के विभिन्न आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रशंसा की और कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कोर्ट के आदेशों से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि न्यायालय समय-समय पर अपने आदेश देता है और सरकार हमेशा न्यायालय के निर्देशों का पालन करती है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून और संविधान के दायरे में रहकर कार्य करती है।

अयोध्या मंदिर के चढ़ावे पर लगे आरोपों को बताया निराधार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा अयोध्या मंदिर के चढ़ावे में चोरी के लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मंदिर की पूरी व्यवस्था पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि वहां सभी व्यवस्थाएं कैमरों की निगरानी में संचालित होती हैं और लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाता है और इस प्रकार के आरोपों का कोई आधार नहीं है।

स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद के सैफई दौरे पर भी दी प्रतिक्रिया

स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद के सैफई जाने और फिरोजाबाद आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने इस विषय को अधिक महत्व न देते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।

मंदिर निर्माण से क्षेत्र में बढ़ेगी धार्मिक आस्था

गांव रजौरा में गुदरिया वाले बाबा मंदिर के निर्माण कार्य के शिलान्यास के साथ ही क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story