Firozabad News: संपूर्ण समाधान दिवस में 152 शिकायतें पहुंचीं, 27 का मौके पर निस्तारण

Firozabad News: शिकोहाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 152 शिकायतें दर्ज हुईं। 27 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, बाकी के लिए सात दिन में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Brajesh Rathore
Published on: 20 Jun 2026 4:53 PM IST
152 complaints received in the entire settlement day, 27 disposed of on occasion
X

संपूर्ण समाधान दिवस में 152 शिकायतें पहुंचीं, 27 का मौके पर निस्तारण (Photo- Newstrack)

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को शिकोहाबाद तहसील परिसर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम समेत जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस के दौरान कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सात दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


राजस्व, पुलिस और नगरपालिका से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, पुलिस तथा नगरपालिका विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एक मामले में लापरवाही सामने आने पर लेखपाल योगेंद्र के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।

शिकायतकर्ताओं को कुर्सी पर बैठाकर सुनी समस्याएं

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने दोपहर तक स्वयं बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और शिकायतकर्ताओं को सम्मानपूर्वक अपने सामने कुर्सी पर बैठाकर उनकी बात सुनी। प्रशासन की इस पहल की लोगों ने सराहना की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था

समाधान दिवस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग भी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। उनके लिए तहसील परिसर में व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन की इस व्यवस्था को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया।



महिलाओं और पुरुषों की लगी लंबी कतारें

तहसील परिसर में सुबह से ही शिकायतकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं और पुरुषों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सात दिन में निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है, उनका समाधान सात दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

Next Story