Firozabad News: नगर पालिका कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, बेटियों की शादी में मिलेंगे 1 लाख रुपये

Firozabad News: शिकोहाबाद नगर पालिका के दिवाली मिलन समारोह में अध्यक्ष रानी गुप्ता और समाजसेवी राजीव गुप्ता ने कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं।

Brajesh Rathore
Published on: 6 Nov 2026 7:18 PM IST
Firozabad News:  नगर पालिका कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, बेटियों की शादी में मिलेंगे 1 लाख रुपये
X

Firozabad News: नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रानी गुप्ता एवं जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी राजीव गुप्ता ने कर्मचारियों के हित में सराहनीय पहल करते हुए बड़ी घोषणा की है। दोनों ने अपने निजी फंड से ऐसे चार कर्मचारियों को प्लॉट देने की घोषणा की है, जिनके पास रहने के लिए अपना मकान नहीं है। इसके साथ ही कर्मचारियों की बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया। इस घोषणा को सुनते ही नगर पालिका कर्मचारियों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका जोरदार अभिवादन किया।

नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद में शुक्रवार को पंचदिवसीय दीपोत्सव के उपलक्ष्य में दिवाली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिकोहाबाद विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व मंत्री विवेक अग्रवाल रहे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी एवं नगर पालिका प्रतिनिधि राजीव गुप्ता ने मुख्य अतिथि को शॉल, माला एवं पटका पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रानी गुप्ता का नगर पालिका के सभी सभासदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वागत और सम्मान किया।

इस अवसर पर नगर पालिका की ओर से क्षेत्र के सभी सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों को दीपावली की भेंट स्वरूप मिठाई एवं उपहार प्रदान किए गए तथा सभी को त्योहार की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में कर्मचारियों के हित में की गई घोषणाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। निजी फंड से चार कर्मचारियों को प्लॉट देने और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा को कर्मचारियों ने खूब सराहा।कार्यक्रम का संचालन सभासद शिवम अप्पू यादव ने किया। इस मौके पर दिनेश यादव, हृदयनाथ यादव, कुलदीप यादव, गगन कठेरिया, आशुतोष वर्मा, हरिओम यादव सहित नगर पालिका के सभी सभासद, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Brajesh Rathore
ABOUT THE AUTHOR

Brajesh Rathore

वरिष्ठ संवाददाता, फिरोजाबादlalabkr@gmail.com
Next Story