Firozabad News: सिरसागंज में द्वितीय जनगणना प्रशिक्षण शुरू, संतोष कुमार शर्मा ने दिए जरूरी निर्देश

Firozabad News: फिरोजाबाद की तहसील सिरसागंज में द्वितीय जनगणना प्रशिक्षण सत्र शुरू हुआ। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को प्रशिक्षण और जनगणना कार्यों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Brijesh Singh
Published on: 26 Oct 2026 6:06 PM IST
Firozabad News
X

Firozabad News(Photo-Social Media)

Firozabad News: तहसील सिरसगंज में आगामी जनगणना कार्यों को लेकर द्वितीय चरण के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा इंदिरा गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसागंज में किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) कल्पना जायसवाल, तहसील की टीम, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, एन्यूमरेटर्स (प्रगणक) , पर्यवेक्षक और जिला जनगणना से जुड़े अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालय परिसरों और प्रधानाचार्यों का आभार व्यक्त

किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं को बनाने के लिए मूल आधार है। जिस प्रकार जनगणना देश के विकास का आधार है, वैसे ही एक शुद्ध और सही मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त होने वाले बेसिक आंकड़े मतदाता सूची को सही और अपडेटेड बनाने में मदद करते हैं। ये दोनों कार्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसलिए इन्हें अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए।

वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़े ही तब तक आधिकारिक माने जाते हैं जब तक अगली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित न हों। इसलिए हमारी आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिए जाने वाले आंकड़े पूरी तरह शुद्ध और सटीक होने चाहिए। प्रथम चरण में सभी कार्मिकों द्वारा हाउस लिस्टिंग (मकान सूचीकरण) का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। अब इसके अंतर्गत मकानों में निवास करने वाले लोगों की गणना की जानी है।

इतिहास में पहली बार नागरिकों को 'स्व-गणना' का विशेष विकल्प दिया जा रहा है। जो लोग अपनी पारिवारिक जानकारी किसी अन्य को नहीं बताना चाहते, वे 16 नवंबर से 30 नवंबर के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी सही सूचनाएं दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति की गणना में लगभग 40 प्रकार की जानकारियां भरी जानी हैं, जिसके लिए सभी गणकों को पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची की शुद्धता को किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य परीक्षण की भांति परखा जाता है। मतदाता सूची का स्वास्थ्य मापने के लिए ईपी रेशियो मतदाता और जनसंख्या का अनुपात) तथा जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) दो प्रमुख संकेतक हैं।

इन संकेतकों के आधार पर यह सुनिश्चित किया जाता है कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिक सूची में शामिल हों और महिलाओं की संख्या का सटीक संतुलन बना रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि "जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य को पूरी लगन, ईमानदारी और मनोयोग के साथ संपन्न करें। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से सभी कर्मचारी अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, जिससे फ़िरोज़ाबाद जिले का नाम पूरे प्रदेश और देश में शीर्ष स्थान पर रहेगा।"

Brijesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Brijesh Singh

bsnewsbloggingsitebrijeshsingh@gmail.com
Next Story