TRENDING TAGS :
Firozabad News: STF मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, दो जवान गंभीर घायल, घंटों चली गोलीबारी
Firozabad News: फिरोजाबाद में इटावा STF और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए। घंटों चली गोलीबारी में STF के दो जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: फिरोजाबाद में इटावा STF और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके को दहला दिया। घंटों चली गोलीबारी में दो बदमाश मार गिराए गए, लेकिन इस कार्रवाई में STF के दो जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक जवान के कंधे और दूसरे के पेट में गोली लगी है, जिन्हें आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटनाक्रम की शुरुआत 3 जुलाई को इटावा में एक व्यापारी से हुई लूट की वारदात से हुई थी। तभी से इटावा STF इन बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भागते हुए गांव कन्हाई की ओर निकल गए। पीछा कर रही STF टीम पर लगातार गोलियां बरसाते हुए बदमाश एक स्कूल में घुस गए, जहां उन्होंने एक मासूम बच्चे को गन पॉइंट पर ले लिया। इस दौरान पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कुछ देर बाद बदमाश बच्चे को छोड़कर एक बाइक लूटकर गांव की ओर भाग निकले
पीछा कर रही STF टीम जैसे ही करीब पहुंची, बदमाशों ने फिर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में STF के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। एक जवान के कंधे और दूसरे के पेट में गोली लगी। हालांकि साथियों के घायल होने के बावजूद STF टीम का हौसला नहीं टूटा। जवाबी कार्रवाई में खेतों की ओर भाग रहे एक बदमाश को मौके पर ही मार गिराया गया। वहीं दूसरा बदमाश करीब दो किलोमीटर तक पुलिस को छकाता रहा और लगातार फायरिंग करता रहा, लेकिन आखिरकार वह भी पुलिस की जवाबी गोलीबारी में ढेर हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एडीजी आगरा, डीआईजी आगरा, एसएसपी इटावा, एसएसपी फिरोजाबाद समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मारे गए दोनों बदमाशों पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वे लंबे समय से वांछित चल रहे थे।


