TRENDING TAGS :
Firozabad News: दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया युवक डूबा, तलाश जारी
Firozabad News: फिरोज़ाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया एक 22 वर्षीय युवक तैरना न जानने के कारण डूब गया। उसे बचाने के प्रयास असफल रहे और फिलहाल गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है।
Firozabad News
Firozabad News: फिरोज़ाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में दोस्तों के साथ नहर में नहाने आया युवक तैरना न जानने के कारण नहर में डूब गया। उसके साथियों ने उसे निकालने के लिए रस्सी भी फेंकी, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। युवक को लगभग सौ मीटर तक देखा गया, इसके बाद वह पानी में समा गया। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन अन्य लोगों के साथ लोहिया नहर पुल पर पहुँच गए। युवक की तलाश जारी है।
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के पठान मोहल्ला निवासी आरिश (22) करीब पाँच वर्ष पहले अपने नाना रियाज मोहम्मद के यहाँ नगला मुल्ला, थाना मटसेना में आकर रहने लगा था। बुधवार को आरिश अपने दो अन्य साथी समीर और जीशान के साथ मोटरसाइकिल से दोपहर लगभग दो बजे शिकोहाबाद आया। यहाँ से तीनों दोस्त छीछामई के समीप लोहिया पुल पर पहुँचे।आरिश ने नहर किनारे खेल रहे दो बच्चों से कहा कि वे उसके साथ नहाएँ, और वह उन्हें 100 रुपये देगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने अपने साथियों से वीडियो बनाने को कहा और फिर नहर में छलांग लगा दी। इस दौरान उसने अपना मोबाइल जीशान को दे दिया और कपड़े पहने हुए ही कूद गया।
स्थानीय बच्चे तैरना जानते थे, इसलिए वे तो बाहर निकल आए, लेकिन आरिश नहीं निकल सका और गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख जीशान और समीर ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे असफल रहे। इसके बाद उन्होंने आरिश के परिजनों को फोन कर सूचना दी।सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में नहर पर पहुँच गए। उसे बचाने के लिए समीर और जीशान ने रस्सी फेंकी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सका। कुछ दूर तक उसे मदद के लिए चीखते हुए देखा गया और फिर लगभग 100 मीटर आगे जाकर वह पानी में समा गया। देखते ही देखते उसकी आवाज़ पानी में दब गई।इसके बाद साथियों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी चीख-पुकार करते हुए मौके पर पहुँच गए। घटना के बाद युवक की तलाश की जा रही है। देर शाम तक परिजन और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश करते रहे। परिजनों ने बताया कि आरिश दो भाइयों में छोटा था।


